किसान मोर्चा ने अपनी मांगों को लेकर समिति प्रबंधक को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा

Posted On:- 2022-05-23



भैयाथान (वीएनएस)। ब्लॉक मुख्यालय भैयाथान के विभिन्न समिति केंद्रों में प्रदेश किसान मोर्चा के आह्वान व जिला अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, किसान मोर्चा अध्यक्ष रामकरण साहू के निर्देशन में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के साथ 5 बिंदुओं को लेकर भैयाथान, केवरा,बंजा के समिति प्रबंधक को राज्यपाल के नाम अमानक वर्मी कंपोस्ट खाद खरीदने की बाध्यता समाप्त करने के संबंध में भाजपा मंडल अध्यक्ष मार्तण्ड साहू, जिला मंत्री प्रकाश दुबे व किसान मोर्चा मण्डल अध्यक्ष राकेश पाठक के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया।

सौपे गए ज्ञापन में कहा गया है की राज्य सरकार की साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में चलाई जा रही किसान विरोधी नीतियों से किसान परेशान हैं। एक ओर केंद्र सरकार किसानों को यूरिया खाद 625 रुपये प्रति क्विंटल उपलब्ध करा रही है। वहीं राज्य सरकार किसानों को अमानक और घटिया खाद रेत मिट्टी मिला गोबर लेने के लिए प्रति एकड़ तीन बोरी 90 किलो को एक हजार रुपये प्रति क्विंटल में लेने के लिए किसानों को बाध्य कर रही है। जिससे किसान अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है।

ऐसे में किसान आगामी सीजन में खेती कैसे करेंगे यह भी चिंता का विषय बना हुआ है। जब कि छत्तीसगढ़ की पहचान किसानों से है। साथ ही किसानों को गोबर खाद खरीदी की बाध्यता समाप्त की जाए। व राजीव गांधी न्याय योजना की अंतिम क़िस्त की राशि में 30 से 40 प्रतिशत की कटौती की गई है व सरकार की घोषणा पत्र में 2 वर्ष का बोनस किसानों को देने की बात कही गई थी लेकिन वह भी आज तक किसानों को नहीं दिया गया है। सरकार गिरदावरी के नाम पर किसानों के रकबे को काट रही है, जिससे पूरे प्रदेश के किसान आक्रोशित हैं। इस दौरान सुनील साहू,शिव पांडेय ,सम्पूरण साहू,मड़ी प्रसाद साहू,विशाल सिंह,रवि किशन साहू,सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे।