बालोद (वीएनएस)। कलेक्टर महोबे के मार्गदर्शन में श्रम विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जिले के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। जिला श्रम पदाधिकारी संजय सिंह ने बताया कि छ.ग. भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की ओर से संचालित मिनीमाता महतारी जतन योजनांतर्गत जिले के 21 हितग्राहियों को 04 लाख रुपए की राशि प्रदाय कर लाभान्वित किया गया। इसी प्रकार असंगठित कमर्कार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल की ओर से संचालित असंगठित कमर्कार प्रसूति सहायता योजना अंतर्गत जिले के 145 हितग्राहियों को 29 लाख रुपए व असंगठित कर्मकार के बच्चों केलिए छात्रवृत्ति योजना अन्तर्गत जिले के 10 हितग्राहियों को राशि 07 हजार रुपए प्रदाय कर लाभांवित किया गया है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री मृत्यु व दिव्यांग सहायता योजना अन्तर्गत श्रमिक के मृत्यु उपरांत उनके परिवार पर आर्थिक संकट आ जाने के कारण जीवीकोपार्जन के लिए सहायता राशि 01 लाख रुपए प्रदाय की जाती है। मिनीमाता महतारी जतन योजनान्तर्गत प्रसूता महिला श्रमिक को गभर्धारण के दौरान काम पर न जाने के कारण होने वाली आर्थिक नुकसान के प्रतिपूर्ति के लिए सहायता 20 हजार रुपए प्रदाय किया जाता है, ताकि जच्चा व बच्चा को आवश्यक पोषण समय पर मिल सके। इसी प्रकार उन्होंने बताया की पंजीकृत श्रमिकों के प्रथम दो बच्चों के लिए नौनिहाल छात्रवृत्ति के रूप में आवश्यक वित्तीय सहायता राशि प्रदाय किया जाता है। मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना अन्तर्गत बालिकाओं के प्रति समाज में सकरात्मक सोच बढ़ाने के लिए पात्र हितग्राही के दो अविवाहित पुत्रियों को 20 हजार रुपए की प्रोत्साहन प्रदाय की जाती है।