धमतरी (वीएनएस)। खाद की कीमतों में बढ़ोत्तरी को वापस लेने सहित किसानो की विभिन्न मुद्दों को लेकर जिला किसान यूनियन ने सोमवार को कलेक्टोरेट में नारेबाजी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन दिया।
किसानो ने मांग करते हुए कहा कि सोसायटियों में डीएपी खाद की कीमतों में 150 रुपए व पोटाश में 700 रूपये बोरी की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी को किसान हित में वापस लिया जाये। सोसायटी में डीएपी की कीमत 1200 रुपए में किसानों को मिल रहा था अब उसको बढ़ाकर 1350 रुपए कर दिया गया है। जो पोटाश किसानों को 1000 रूपये में मिल रहा था उसे बढ़ाकर 1700 रूपये कर दिया गया है। इस तरह से खाद की कीमतों में वृद्धि किसानों के हित में उचित नहीं है क्योंकि किसान की कृषि लागत ऐसी ही बढ़ती है। ऊपर से महंगाई के कारण किसान त्रस्त हैं। किसानों की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है । किसान आर्थिक रूप से पिछड़ गया है।
इस तरह से अचानक खाद में वृद्धि से कृषि लागत और बढ़ जाएगी। किसान हित में खाद में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए। बेमौसम बारिश से नुकसान हुए दलहन, तिलहन, चना, लाखड़ी, उड़द फसल का सर्वे होने के बावजूद अभी तक किसानों को किसी प्रकार की मुआवजा राशि प्राप्त नहीं हुई है। बिना विलंब किए किसानों को मुआवजा दिया जाये। किसानों को सोसायटियों में खाद, बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाये। महंगाई के आधार पर किसानों की कृषि राशि बढ़ायी जाये।।राजीव गांधी न्याय योजना में किसानों का प्रति एकड़ 488 रुपए 40 पैसे की कटौती की गई है। इस राशि को किसानों के खाते में पुन: डाला जाये। किसानों की आगामी खरीफ फसल की धान खरीदी 15 क्विंटल प्रति एकड़ से बढ़ाकर संपूर्ण उंपज की खरीदी की जाये। प्रदर्शन करने वाले किसानों में किसान यूनियन के प्रदेश संरक्षक लीलाराम साहू, जिलाध्यक्ष घनाराम साहू, महावीर साहू, नारायण साहू, दीनदयाल, महिपाल साहू, पवन साहू, जागेन्द्र कुमार, पूरन लाल समेत अन्य किसान शामिल रहे।