बीजापुर (वीएनएस)। जिले में कृषि और आनुशांगिक गतिविधियों उद्यानिकी, मत्स्यपालन, कुक्कुटपालन, पशुपालन आदि को बढ़ावा देने के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पहल किया जाये। वहीं जल संरक्षण की दिशा में तालाब निर्माण और गहरीकरण, डबरी निर्माण और कुंआ निर्माण को व्यापक स्तर पर सुनिश्चित किया जाये। इसके साथ ही नरवा विकास के कार्यों को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाये। उक्त निर्देश कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा ने कलेक्टोरेट में आयोजित समय-सीमा की बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए। बैठक में डीएफओ अशोक पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और जिले में पदस्थ एसडीएम, तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत और नगरीय निकायों के सीएमओ मौजूद थे।
कलेक्टर कटारा ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि खेती-किसानी और कृषि के अनुशांगिक आयमूलक गतिविधियों को अपनाने के लिए किसानों तथा ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया जाये और उन्हे कृषि ऋण सहित आवश्यक सहायता सुलभ कराया जाये। राज्य शासन की मंशानुरूप धान के बदले अन्य फसल विशेषकर उच्चहन भूमि यथा मरहान और टिकरा में कोदो, कुटकी और रागी, मक्का, उड़द की पैदावार लेने के लिए किसानों को समझाइश देकर चयनित किया जाये।
इसके साथ ही फलोद्यान और साग-सब्जी उत्पादन के लिए किसानों का चयन कर उन्हे सहायता मुहैया करायी जाये। वहीं सिंचाई सुविधा की सुलभता वाले क्षेत्रों तथा नदी किनारे के किसानों को मिर्च की खेती के लिए प्रेरित कर मदद दी जाये। कलेक्टर कटारा ने ग्रामीणों को उनकी अभिरूचि के अनुसार कुक्कुटपालन, पशुपालन, बकरीपालन और सूकरपालन के लिए सहायाता देने कहा।
वहीं तालाब और डबरी की उपलब्धता वाले किसानों को मत्स्यपालन करने के लिए आवश्यक मदद प्रदान किये जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर कटारा ने जिले के सिंचाई तालाबों का गहरीकरण और मरम्मत के लिए तैयार प्रस्ताव के अनुरूप कार्य सुनिश्चित किये जाने कहा। इसके साथ ही अमृत सरोवर के लिए चयनित तालाबों को गहरीकरण और सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होने मनरेगा के तहत रोजगारमूलक कार्यों को नियमित रूप से संचालित कर अधिक से अधिक पंजीकृत जॉब कार्डधारी परिवारों को रोजगार सुलभ कराये जाने के निर्देश दिए।
वर्तमान में जरूरत के अनुरूप रोजगार सहायक नियुक्त किये जाने कहा। वहीं स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण किये जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर कटारा ने मरम्मत योग्य स्कूल, आश्रम-छात्रावास, आंगनबाड़ी केन्द्रों तथा स्वास्थ्य केन्द्रों को बारिश के पहले मरम्मत सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए। वहीं गौठानों में लघु वनोपज प्रसंस्करण तथा अन्य प्रसंस्करण उद्यम शुरू करने पर जोर देते हुए आवश्यक मशीन और उपकरण सुलभ कराये जाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही संबंधित स्व-सहायता समूहों को प्रशिक्षण प्रदान किये जाने कहा। बैठक में मुख्यमंत्री जी के घोषणाओं का क्रियान्वयन, वनाधिकार पट्टा प्रदाय, खाद-बीज की सुलभता, हाट-बाजार क्लीनिक योजना, सुपोषण अभियान, गोधन न्याय योजना सहित आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड पंजीयन, ई-केवायसी, शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना,एकीकृत ग्राम विकास योजना, जल-जीवन मिशन के कार्यों ईत्यादि की बिन्दुवॉर समीक्षा की गयी।