गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (वीएनएस)। जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद की बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 18 करोड़ 45 लाख रूपए की कार्य-योजना का अनुमोदन किया गया। कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में आयोजित परिषद की बैठक में लोकसभा सासंद कोरबा श्रीमती ज्योत्सना महंत, लोकसभा सांसद बिलासपुर आरूण साव और विधायक मरवाही डॉ के के धु्रव ने शिक्षा, कोटा विधायक प्रतिनिधि गणेश जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष बिलासपुर अरूण सिंह चौहान ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पेयजल को उच्च प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होने स्वीकृत सभी स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने तथा पुराने भवनों का मरम्मत करने तथा शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होने जिले में पेयजल की समुचित प्रबंध करने, आवश्यता अनुसार हैंडपंपों की स्थापना करने तथा जल जीवन मिशन के कार्याें में तेजी लाने के निर्देश दिए। सांसद श्रीमती महंत ने जिला अस्पताल में चिकित्सा सुविधा के लिए सिटी स्कैन और एमआरआई मशीन के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने जिला खनिज संस्थान न्यास मद के अंतर्गत वर्ष 2020-21 एवं 2021-22 में अंशदान से प्राप्त राशि, स्वीकृत कार्यो, उच्च प्राथमिकता एवं अन्य प्राथमिकता के सेक्टरवार पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यो की जानकारी दी। उन्होने बताया कि न्यास निधि में वर्ष 2020-21 में 14 करोड़ 26 लाख और वर्ष 2021-22 में 36 करोड़ 21 लाख रूपए अंशदान से प्राप्त हुआ। इन दो वित्तीय वर्षों में 28 करोड़ 5 लाख रूपए की लागत के 751 कार्य स्वीकृत हुए, इनमें से 315 कार्य पूर्ण तथा 436 कार्य प्रगति पर है।
शासी परिषद की बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 18 करोड़ 45 लाख रूपए की कार्य-योजना का अनुमोदन किया गया। इनमें पेयजल आपूर्ती के लिए 50 लाख, स्वास्थ्य देखभाल के लिए 2 करोड़ 50 लाख, शिक्षा के लिए 2 करोड़ 51 लाख, कृषि एवं अन्य संबंद्ध गतिविधियों के लिए 1 करोड़ 96 हजार, महिला एवं बाल कल्याण के लिए 50 लाख, वृद्ध और निःशक्तजन कल्याण के लिए 30 लाख, जनकल्याण के लिए 2 करोड़ और सतत जीवकोपार्जन के लिए 2 करोड 3 लाख रूपए शामिल है। इसी तरह भौतिक अधोसंरचना के लिए 4 करोड़, सिंचाई के लिए 1 करोड़, उर्जा और जल विभाजक विकास के लिए 1 करोड़, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण के लिए 50 लाख युवा गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 50 लाख और आकस्मिक व्यय आदि के लिए 10 लाख रूपए शामिल है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, वनमंडलाधिकारी दिनेश पटेल, जनपद अध्यक्ष गौरेला ममता पैकरा, जनपद अध्यक्ष पेंड्रा श्रीमती आशा मरावी, जनपद अध्यक्ष मरवाही प्रताप सिंह मरावी, नगर पंचायत अध्यक्ष गौरेला श्रीमती गंगोत्री राठौर, नगर पंचायत अध्यक्ष पेंड्रा राकेश जालान, परियोजना निदेशक डीआरडीए आर के खूंटे, अपर कलेक्टर बीसी एक्का, संयुक्त कलेक्टर वीरेंद्र सिंह एवं आनंदरूप तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिध और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।