धमतरी (वीएनएस)। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के सांसद चुन्नीलाल साहू ने धमतरी विधानसभा के अंतर्गत गंगरेल बांध के उस पार बसे ग्राम डुबान के ग्रामों में सोमवार को जनसंपर्क दौरा किया। गांव में जाकर जन चौपाल लगाकर लोगों की समस्याओं से अवगत हुए।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इसके पहले किसी सांसद ने जन संपर्क करते हुए जन चौपाल नहीं लगाया है। जन चौपाल में जो भी समस्याएं जनता ने रखी। सांसद ने उसके निराकरण के लिए तुरंत कलेक्टर और बाकी अधिकारियों से बातचीत करके समस्याओं को प्राथमिकता के क्रम में बिना देरी किए निपटान के लिए निर्देशित किया। डूबान क्षेत्र के ग्राम चिखली से लेकर के कोडेगांव रैयत के किसानों ने सांसद को ग्राम अकलाडोंगरी की सोसाइटी में ही खाद बीज की उपलब्धता के लिए निवेदन किया।
जहां पर उप केंद्र है। अभी वर्तमान में उनको ग्राम मोंगरागहन से खाद बीज लाना पड़ता है जिसको लाने के लिए 16 किलोमीटर की दूरी के साथ दो बड़े घाटों से होकर गुजरना पड़ता है। इस विषय में सांसद ने कलेक्टर को फोन करके अकलाडोंगरी में ही खाद बीज उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्था करने की बात कही। जिसे कलेक्टर निराकरण करने हेतु सहमत हुए।
इसी तरह ग्राम कोडेगांव रैयत के ग्रामवासियों ने भी वहां पर एक सार्वजनिक कुआं की मरम्मत और आज की कनेक्टिविटी के दौर में वहां पर मोबाइल टावर नहीं होने के कारण क्षेत्र का विकास नहीं होना भी बताया। बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन होती है जिसमें भी वहां के बच्चे पिछड़ रहे हैं। लोगों को किसी से संपर्क करने के लिए दूसरे ग्राम जाकर के मोबाइल से बात करना पड़ता है।
इसी तरह से डुबान क्षेत्र के अधिकांश लोगों ने सांसद चुन्नीलाल साहू से निवेदन किया कि गंगरेल बांध के पानी से छत्तीसगढ़ के कई ऐसे जिले हैं जहां पर आज गंगा बह रही है परंतु इस क्षेत्र के विकास के लिए जो सीएसआर की राशि आती है उसको भी प्रशासन ने धमतरी शहर में सौंदर्यीकरण और अन्य विषय में खर्च कर दिया जाता है। जिसका दुख पूरे डुबानवासियों को है। जबकि सीएसआर फंड की राशि का उपयोग मुख्य रूप से डूबान क्षेत्र के विकास के लिए होना चाहिए।
सांसद चुन्नीलाल साहू ने इस पर सहमत होते हुए उन्होंने पूरे क्षेत्र के लोगों को आश्वासन दिया कि आने वाले समय में सीएसआर फंड की राशि डूबान क्षेत्र के विकास में खर्च हो, इसका प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इसके बाद अगर सीएसआर फंड की राशि का दुरुपयोग होगा तो वह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए वह जांच भी करवाएंगे।
जनसंपर्क के दौरान सांसद के साथ उनके जिला सांसद प्रतिनिधि उमेश साहू ,पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्यामा देवी साहू ,भाजपा युवा मोर्चा पदाधिकारी एवं सरपंच ग्राम पंचायत बोरीदखुर्द दुष्यंत सिन्हा ,भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारी चेतन सिन्हा भी रहे। पूरे कार्यक्रम को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए भाजपा गंगरेल मंडल के उपाध्यक्ष अहमद अली, महामंत्री चंद्रहास जैन और जितेंद्र सिन्हा का योगदान रहा।