मुख्यमंत्री जन चौपाल में प्राप्त आवेदनों का सकारात्मक निराकरण करना सुनिश्चित करें : कलेक्टर

Posted On:- 2022-05-24



नारायणपुर (वीएनएस)। कलेक्टर रघुवंशी ने आज यहां कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक लेकर समय सीमा के प्रकरणों की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को इनके निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विगत दिनों छोटेडोंगर में प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान विभिन्न विभागों को आवेदन प्राप्त हुए थे। उन आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में त्वरित कायर्वाही करते हुए सकारात्मक निराकरण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इन आवेदनों को किसी भी हाल में लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म मौसम को देखते हुए दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों में किसी भी प्रकार के पेयजल की समस्या नहीं होनी चाहिए। इसके लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी लगातार क्षेत्रों में मॉनिटरिंग करते हुए पेयजल व्यवस्था सुचारू रूप से बनाये रखना सुनिश्चित करने के साथ जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा कराये। खराब हुए हैंडपंपों को सुधार करने की कायर्वाही करें। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कायर्पालन अधिकारी देवेश कुमार ध्रुव, एसडीएम जितेन्द्र कुर्रे, डिप्टी कलेक्टर वैभव क्षेत्रज्ञ, रामसिंग सोरी, मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डा. बीआर पुजारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास संजय चंदेल के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर रघुवंशी ने कहा कि जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सहित अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों में भर्ती किये गये मरीजों के नाम, पता, बिमारी का नाम, डायग्लोशिस सहित पूर्ण विवरण उनके बेड के पास होना चाहिए। इसके लिए चिकित्सक और स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी विशेष रूप से ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि ओरछा विकासखंड में जिला स्तरीय अधिकारीगण विजिट करना सुनिश्चित करें और निर्धारित तिथियों में जाकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आसन्न मानसून की स्थिति को देखते हुए बरसात के दिनों में नगरीय क्षेत्रों में जहां जल भराव हो जाते है, उन स्थानों को चिन्हित कर लें और जल निकासी का प्रबंध कर लेवें। साथ ही नगरीय क्षेत्रों की नालियों के साफ-सफाई कराना भी सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि स्थानीय महिला स्व सहायता समूहों द्वारा फिनाईल, झाड़ू एवं अन्य सामग्री तैयार की जा रही है, जिनका उपयोग शासकीय कार्यालयों, आश्रम-छात्रावास अस्पतालों की साफ-सफाई के लिए किया जाएं। इससे इन समूह की महिलाओं को आर्थिक मदद उपलब्ध हो सकेगी। कलेक्टर रघुवंशी ने जिले में सुगम सड़क योजनांतर्गत स्वीकृत, पूर्ण व अपूर्ण सड़कों की जानकारी ली और अधिकारियों से कहा कि जो सड़के नहीं बन पायी है, उन्हें तत्काल बनाना सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि आगामी 1 जून को चिरायु कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 15 साल तक के बच्चों की विभिन्न बीमाारियों का परीक्षण कर उपचार की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए उन्होंने जनपद पंचातयों के मुख्य कायर्पालन अधिकारियों से अपेक्षित सहयोग का आग्रह किया। कलेक्टर ने पंचायत व ग्रामीण विकास विभाग, महिला व बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, खाद्य, क्रेडा, लोक निर्माण, जल संसाधन सहित अन्य विभगों के प्रकरणों की बारी-बारी से समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिये।