हिंदी विवि में नगर राजभाषा कार्यान्‍वयन समिति की बैठक सम्‍पन्‍न

Posted On:- 2022-05-24



वर्धा (वीएनएस)। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में नगर राजभाषा कार्यान्‍वयन समिति के अध्‍यक्ष कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल की अध्‍यक्षता में छमाही बैठक का आयोजन मंगलवार 24 मई को किया गया।

बैठक में राजभाषा गौरव पुरस्‍कार योजना, नगर राजभाषा कार्यान्‍वयन समिति वर्धा की पत्रिका का प्रकाशन  तथा नगर राजभाषा कार्यान्‍वयन समिति वर्धा के हिंदी अधिकारियों व राजभाषा क्रियान्‍वयन से जुडे़ अधिकारियों के लिए जुलाई में दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन और इससे संबंधित विषयों पर विस्‍तार से चर्चा की गई। बैठक के प्रारंभ में राजभाषा कार्यान्‍वयन समिति के अध्‍यक्ष कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल का स्‍वागत क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्‍यूरो के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी हंसराज राऊत ने किया। कार्यक्रम का संचालन हिंदी अधिकारी राजेश कुमार यादव ने किया।

बैठक में महात्‍मा गांधी ग्रामीण औद्योगिकरण संस्‍थान (एमगिरी) के डॉ. जयकिशोर छांगाणी, केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक अमरेश कुमार शुक्‍ल, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशेन ऑफ इंडिया लिमिटेड, देवली के राकेश कुमार पटेल और श्रीपाद वामन कोल्‍हे, बैंक ऑफ इंडिया, विदर्भ आंचलिक कार्यालय के मुख्‍य प्रबंधक सुनील कुमार मल्लिक और आंचलिक प्रंबधक तुषार हाटे, केनरा बैंक की प्रियंका निर्वाण, दि न्‍यू इंडिया एश्‍योरन्‍स कं.लि. के श्‍याम सुळे और अनिल धाबर्डे, क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्‍यूरो के संतोष कुमार, हिंदी विवि के जनसपंर्क अधिकारी बी.एस. मिरगे  और  हिंदी अनुवादक आरती तेलगोटे  आदि की उपस्थिति रही।