कलेक्टर की पहल : जाति, आय व निवास प्रमाण पत्र बनाने स्कूलों-आंगनबाडी केन्द्रों में लग रहे शिविर

Posted On:- 2022-05-24



शिविर के माध्यम से प्रमाण पत्र बनने से बार-बार कार्यालय जाने से मिल रही मुक्ति

कोरबा (वीएनएस)। कलेक्टर साहू ने स्कूली और आंगनबाडी केन्द्रों में अध्ययनरत बच्चों के जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने के लिए अनोखी पहल की हैं। कलेक्टर साहू की पहल पर स्कूलों और आंगनबाडी केन्द्रों में प्रमाण पत्र बनाने के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिले के स्कूलों और आंगनबाडी केन्द्रों में शिविर के माध्यम से बच्चो के पालकों से जाति, आय व निवास प्रमाण पत्र बनाने के लिए आवेदन लिए जा रहे है। राजस्व और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम की ओर से शिविर में आवेदकों से आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने के पश्चात आवेदन पत्र भरकर लोक सेवा केन्द्र-तहसील कार्यालयों में जमा किया जा रहा है। वहां से प्रमाण पत्र बनने के पश्चात छात्र-छात्राओं को जाति, आय व निवास प्रमाण पत्र का वितरण किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से प्रमाण पत्र बन जाने से बच्चों और उनके पालको को बार-बार तहसील कार्यालय और लोक सेवा केन्द्र जाने से मुक्ति मिल रही है। एक ही जगह पर शिविर के माध्यम से प्रमाण पत्र बन जाने से दूरस्थ क्षेत्रों मे रहने वाले ग्रामीणों को भी कॉफी सहुलियत हो रही है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर साहू ने स्कूलों और आंगनबाडी केन्द्रों में पढने वालो बच्चों की सहुलियत के लिए जाति, आय व निवास प्रमाण पत्र बनाने के लिए स्कूलों और आंगनबाडी केन्द्रो में शिविर लगाने के निर्देश दिये थे। स्कूल-आंगनबाड़ियों में प्रमाण पत्र बनाने के लिए राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग व महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से शिविर में आवश्यक अधिकारी-कमर्चारियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। आंगनबाड़ी और स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के पालकगण जाति, आय व निवास प्रमाण पत्र बनाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन को संबंधित आंगनबाड़ी और स्कूलों में जमा कर रहे है। शिविर के माध्यम से स्कूल और आंगनबाड़ियों में प्राप्त आवेदनों को संकलित कर बच्चों के जाति, आय व निवास प्रमाण पत्र बनाये जा रहे है।