गरियाबंद (वीएनएस)। जिला प्रशासन की ओर से उर्वरक के अवैध परिवहन, कालाबाजारी/ मुनाफाखोरी रोकने तथा शासन की ओर से निर्धारित दर पर कृषकों को उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। तदानुक्रम में कलेक्टर नम्रता गांधी के निर्देशानुसार व उप संचालक कृषि संदीप भोई के मार्गदर्शन में राजस्व व कृषि विभाग अधिकारियों की ओर से संयुक्त रूप से जिले के उर्वरक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें जिले के रितेश खाद भंडार देवभोग, बालाजी कंस्ट्रक्शन देवभोग, लक्ष्मी बीज भंडार गरियाबंद, अभय बीज भंडार गरियाबंद में उर्वरक भंडारण व विक्रय में उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों का उल्लंघन तथा रसायन व उर्वरक मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से जारी निर्देशों का पालन नहीं करने के कारण उक्त संस्थानों को सील बंद कर नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के विरूद्ध संस्थानों से प्राप्त जवाब संतोषप्रद व तकर्संगत नहीं होने के कारण उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत मेसर्स रितेश खाद भंडार देवभोग के प्रतिष्ठान में अमोनियम सल्फेट 2 बोरी, पोटाश 99 बोरी, सिंगल सुपर फास्फेट 12 बोरी, यूरिया 502 बोरी तथा डी. ए. पी. 342 बोरी कुल 957 बोरी, मेसर्स बालाजी कंस्ट्रक्शन देवभोग के प्रतिष्ठान मे सुपर फास्फेट 52 बोरी, यूरिया 358 बोरी, कुल 410 बोरी, मेसर्स लक्ष्मी बीज भंडार गरियाबंद के प्रतिष्ठान में उर्वरक 20:20:0:13 30 बोरी, पोटाश 52 बोरी, यूरिया 65 बोरी, बेन्टोनाईट सल्फर 48 बोरी, सिंगल सुपर फास्फेट 105 बोरी, कुल 300 बोरी तथा अभय बीज भंडार गरियाबंद के प्रतिष्ठान में यूरिया 20 बोरी इस प्रकार कुल 1687 बोरी जब्त उर्वरक को राजसात किया गया है। उपरोक्त राजसात किये गये उर्वरकों को कलेक्टर की ओर से निर्धारित दर पर कृषकों को विक्रय कर प्राप्त राशि को शासन के खाते चालान के माध्यम से जमा करने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने कृषक भाइयों से अपील किया है कि उपरोक्त प्रतिष्ठान से शासन की ओर से प्रति बोरी निर्धारित दर यूरिया- 266.50 रुपए, सिंगल सुपर फॉस्फेट दानेदार- 368 रुपए, सिंगल सुपर फॉस्फेट पावडर-338, सिंगल सुपर फॉस्फेट पावडर जिंकेटेड-353 रुपए, पोटाश- 1700 रुपए, डी.ए.पी.- 1350 रुपए, अमोनियम सल्फेट- 1185 रुपए व 20:20:0:13-1450 रुपए करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों (आधार कार्ड व ऋण पुस्तिका) के साथ क्रय कर सकते है।