कोण्डागांव (वीएनएस)। विगत कई दिनों से विभिन्न समाचार पत्रों की ओर से जिला अस्पताल में स्थापित की गई सीटी स्कैन मशीन के खराब होने तथा मशीन की मरम्मत न होने के संबंध में जानकारी साझा की गई थी। जिसे संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा की ओर से जल्द से जल्द मशीन की तकनीकी खामियों को दूर कर संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिये गये थे। जिसपर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक की ओर से बताया गया कि 21 मई से जिला चिकित्सालय कोण्डागांव में स्थापित सी.टी. स्कैन मशीन का संचालन पुन: प्रारंभ कर दिया गया है। जिससे अब कोण्डागांव के शहरी व ग्रामीणजनों को सी.टी. स्कैन परीक्षण कराने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इसके द्वारा आन्तरिक अंगो में अघात, कोविड के परीक्षण, किडनी संबंधी रोग, केन्सर, हृदय रोग, लिवर के रोग व अन्य संक्रामक रोगों के परीक्षण में सहायता प्राप्त होगी।