नई दिल्ली (वीएनएस)। संस्कृति और विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा है कि भारत अपनी विविध सांस्कृतिक धरोहरों के साथ ब्रिक्स देशों को सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराने का एक प्लेटफॉर्म बन सकता है। श्रीमती लेखी कल वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से चीन की मेजबानी में आयोजित ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों की सातवीं बैठक को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि भारत सांस्कृतिक विरासत की विविधता और इसे साझा करने में विश्वास रखता है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत और पारम्परिक ज्ञान को एकीकृत कर नवाचारों और पर्यावरण संरक्षण की समस्या के समाधान के रूप में उपयोग किया जा सकता है।
बैठक में ब्रिक्स देशों के बीच सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार पर विचार-विमर्श हुआ। संस्कृति मंत्रियों ने सांस्कृतिक सहयोग मजबूत करने के लिए ब्रिक्स कार्य योजना 2022-2026 को मंजूरी दी।