बैकुंठपुर (वीएनएस)। जिला चिकित्सालय में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के अंतर्गत वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ जिसमें 218 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में 0 से 18 वर्ष के आंगनबाड़ी एवं स्कूल में पंजीकृत बच्चों की जांच की गयी। जांच के उपरांत जिन बच्चों में कोई रोग पाया गया है और उसका आगे का उपचार भी विभाग द्वारा निशुल्क कराया जाएगा।
स्वास्थ्य शिविर में न्यूरो मोटर इम्पैरमेंट के 47 मरीज, न्यूरो ट्यूब दोष के 03, जन्मजात हृदय रोग के 60 मरीज, कटे-फटे होंठ एवं तालू का 01, पैर की विकृति के 03, स्पीच एंड लैंग्वेज डिले के 02, कॉग्निटिव डिले के 02 , किडनी संबंधित 01 मरीज, जन्मजात मोतियाबिंद के 07 मरीज, जन्मजात श्रवण बाधित के 10, दृष्टि दोष के 02, कुपोषित बच्चों के 18, अस्थि रोग संबंधित 11, दंत रोग संबंधित 04, चर्म रोग संबंधित 01 एवं अन्य 43 बच्चों का परीक्षण एवं उपचार किया गया| इसके अतिरिक्त इनमें से कुछ बच्चों को उच्च संस्था में जांच व ऑपरेशन हेतु चिन्हांकित किया गया है। जिन बच्चों को सर्जरी हेतु चिन्हांकित किया गया है उनका अनुबंधित अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क इलाज कराया जायेगा।
इस शिविर का आयोजन राज्य शासन से प्राप्त निर्देश पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया जिसमे सरगुजा संभाग आयुक्त जी आर चुरेन्द्र, कलेक्टर कुलदीप शर्मा और जिला पंचायत सीईओ कुणाल दुदावत और सीएमएचओ डॉ. रामेश्वर शर्मा भी उपस्थित रहे|
इस सम्बन्ध में जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैकरा ने बताया: “जिले में कार्यरत चिरायु दलों द्वारा विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत चिन्हांकित बच्चो (0 से 18 वर्ष के बच्चों) के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार आयुष्मान भारत में अनुबंधित एमएमआई, नारायणा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल रायपुर, चिकित्सक डॉ.किंजल बक्शी, बाल हृदय रोग विशेषज्ञ (कार्डियोलॉजिस्ट), डॉ. प्रशांत कुमार, मस्तिष्क रोग विशेषज्ञ (न्यूरोलॉजिस्ट) एवं जिला स्तर के अन्य चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा किया गया|’’
लाभार्थी सुरेश (बदला हुआ नाम )ने बताया: “मुझे दांत का दर्द सताता था | सही परामर्श नहीं मिलने के कारण काफी परेशान रहता था | जिला अस्पताल में आयोजित हुए शिविर में मेरे दांत की विशेषज्ञों द्वारा जांच की गई उसके बाद उन्होंने नियमित रूप से फॉलो अप करने के लिए भी कहा है ।“
चिरायु योजना के तहत जिला अस्पताल में लगे वृहद स्वास्थ्य शिविर के आयोजन में सिविल सर्जन डॉ. किशोरी लाल ध्रुव, सलाहकार, समस्त स्वास्थ्य विभाग, जिला अस्पताल के स्टाफ एवं विकासखण्ड के आरबीएसके टीम के स्टॉफ का विशेष योगदान रहा।