शासकीय कार्यालयों में लग रहे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

Posted On:- 2022-05-25



जगदलपुर (वीएनएस)। बस्तर जिले के समस्त शासकीय कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों की गैर संचारी रोगों (मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मुख कैंसर) की, स्वास्थ्य विभाग ने निःशुल्क स्क्रीनिंग की जा रही है। जांच के दौरान गम्भीर मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर भी किया जा रहा है। कार्यस्थल पर ही स्वास्थ्य सुविधा मिलने पर कर्मचारी वर्ग इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

इस सम्बन्ध में सीएमएचओ आर.के.चतुर्वेदी ने बताया कि भारत सरकार के दिशा निर्देश से सम्बंधित बीमारियों के रोकथाम के लिए एनपीसीडीसीएस (नेशनल प्रोग्राम फॉर प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ कैंसर डायबिटीज कार्डियोवैस्कुलर डिजीज एंड स्ट्रोक) कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के शासकीय कर्मियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और "स्वस्थ जीवनशैली" अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिले में ऐसे शिविर लगने से लोगों को उनकी छोटी-मोटी बीमारियों की जानकारी हो जाती है और वे अपने स्वास्थ्य को लेकर सचेत रहते हैं। इस स्वास्थ्य शिविर आयोजन का मुख्य उद्देश्य शासकीय कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर उनका फिटनेस बेहतर रखा जाए। साथ समय रहते ही बीमारी का पता चल जाए जिससे वे कार्यस्थल पर चुस्त दुरूस्त रह सकें"।

आगे उन्होंने बताया कि सामान्यतः अधिकारी-कर्मचारी अपनी दैनिक ड्यूटी के चलते स्वयं का स्वास्थ्य परीक्षण नहीं करा पाते हैं। कई बार छोटी-छोटी बीमारियों के बीच वे गंभीर बीमारी के शिकार हो जाते हैं। आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के सामने कई तरह की स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं आती रहती हैं। दूसरे शब्दों में उम्र बढ़ने के साथ-साथ शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं, या शरीर कमजोर होता जाता है। इसके लिए नियमित व्यायाम नहीं करना, शरीर को जरूरी आराम नहीं देना, नियमित खानपान में असंतुलन जैसे कई कारण हो सकते हैं। लेकिन दैनिक जीवन में कुछ चीजों का ख्याल रखें तो खुद को कई बीमारियों से दूर रखा जा सकता है। काम करते वक्त पानी की बोतल अपने पास रखे और इसे अपनी आदत बना लें, बीच-बीच में पानी पीते रहें  इससे बॉडी में एनर्जी बनी रहेगी। काम करते समय चाय और कॉफी का ज्यादा सेवन से बचें। लगातार एक ही जगह पर बैठकर कार्य न करें, बीच-बीच मे थोड़ा चलना फिरना अच्छे सेहत के लिये बहुत जरूरी है"

स्वास्थ्य शिविर में अधिकारी-कर्मचारियों का जांच-परीक्षण किया गया, ज्यादातर कर्मी सामान्य मिले। किसी में भी गंभीर बीमारी का लक्षण नहीं थे। शिविर का लाभ लेने पहुंचे पुलिस कर्मियों ने स्वास्थ्य शिविर को सार्थक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर के आयोजन से अपने स्वास्थ्य की जानकारी समय पर मिल जाती है।