उत्तर बस्तर कांकेर (वीएनएस)। विकासखंड भानुप्रतापपुर के ग्राम पंचायत कुर्री एवं घोड़दा में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमंत ध्रुव की उपस्थिति में जन चौपाल आयोजित की गई। जनचौपाल में ब्लॉक स्तर के सभी विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों के द्वारा विभिन्न मांग एवं समस्या सम्बंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसका निराकरण कराने का भरोसा दिलाया। जिला पंचायत के अध्यक्ष हेमंत ध्रुव ने जन चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन की पहल से गांवो में जन चौपाल आयोजित की जा रही है। लोगों की मांग एवं समस्या का निराकरण करने ब्लाक स्तर के सभी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहते हैं। उन्होंने कहा कि अपनी मांग संबंधी आवेदन जनचौपाल में प्रस्तुत करें, ताकि विधिवत समस्या का निराकरण किया जा सके।