कार्य में लापरवाही के चलते 4 लिपिको की रुकी वेतनवृद्धि

Posted On:- 2022-05-25



बालोद (वीएनएस)। संभागायुक्त दुर्ग संभाग महादेव कावरे ने कल बालोद जिले के डौण्डीलोहारा अनुविभाग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कावरे ने कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी डौण्डीलोहारा, तहसील कार्यालय डौण्डीलोहारा एवं उप तहसील देवरीबंगला के समस्त शाखाओं का निरीक्षण किया गया। संभागायुक्त कावरे ने समस्त शाखाओं के कर्मचारियों के टेबल पर नेम प्लेट अवश्य रखे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील कार्यालय स्थित लोक सेवा केन्द्र का भी निरीक्षण किया एवं समस्त आवेदनो को समय-सीमा के भीतर कार्रवाई किए जाने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी डौण्डीलोहारा को दिए।

अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार को थमाया कारण बताओ नोटिस :  संभागायुक्त दुर्ग संभाग  ने निरीक्षण के दौरान न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी डौण्डीलोहारा में 5 प्रकरण एवं न्यायालय तहसीलदार डौण्डीलोहारा में 4 प्रकरण ऑनलाइन दर्ज नही होने के कारण वाचक भोजराज साहू एवं नागेन्द्र कुमार कंवर की वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई की गई साथ ही संबंधित अधिकारी अनुविभागीय अधिकारी, डौण्डीलोहारा एवं तहसीलदार डौण्डीलोहारा को कारण बताओ नोटिस जारी किया। निरीक्षण के दौरान न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी के न्यायालय में 94 प्रकरण लंबित पाए गए एवं न्यायालय तहसीलदार डौण्डीलोहारा में लंबित 221 प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कार्यालय तहसीलदार डौण्डीलोहारा में कैशबुक, चेक वितरण पंजी अद्यतन नही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी सैयद अली की वेतनवृद्धि रोकी  एवं तहसीलदार डौण्डीलोहारा ने 3 दिवस के भीतर पूर्ण कर लिए जाने का आश्वासन दिया गया। कार्यालय उपतहसील देवरीबंगला के निरीक्षण के दौरान रिकार्ड रूम में नस्तियों के अव्यवस्थित रख-रखाव पर संभागायुक्त दुर्ग संभाग द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई और संबंधित लिपिक रमेश मागेन्द्र का वेतन वृद्धि रोके जाने का आदेश जारी किया गया।

आम जनता एवं अधिवक्ताओ से चर्चा : निरीक्षण के दौरान आम जनता से चर्चा के दौरान ग्राम पंचायत रायपुरा के आवेदक ग्रामीण गजेन्द्र जोशी द्वारा त्रुटि सुधार का आवेदन दिया गया जिस पर संभागायुक्त कावरे ने एक सप्ताह के भीतर त्रुटि सुधार कार्य किए जाने के निर्देश दिए ।

कार्यालय तहसीलदार डौण्डीलोहारा में अधिवक्ताओं से न्यायालयीन प्रक्रियाओं के संबंध में चर्चा की गई, इस दौरान सभी सदस्यों ने न्यायालयीन प्रक्रियाओं में संतुष्टता व्यक्त की  एवं कार्यालय परिसर में वाहन स्टैण्ड एवं बैठक व्यवस्था  के लिए स्थल प्रदान करने की मांग की गई। जिस पर कावरे ने तत्काल कार्यालय परिसर में स्थल चयन कर वाहन पार्किंग बनाने का कार्य प्रारंभ करने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी को दिए। तहसील परिसर में पेयजल व्यवस्था सुधार के लिए मुख्य नगर पंचायत अधिकारी डौण्डीलोहारा को निर्देशित किया गया।

पर्याप्त स्टॉक में उपलब्ध हो जेनेरिक मेडिसिन की दवा : संभागायुक्त कावरे ने धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर डौण्डीलोहारा का निरीक्षण किया गया। उन्होने स्टोर में उपलब्ध दवाओं की जांच की एवं सभी चिकित्सको को जेनेरिक मेडिसिन दवा लिखने के लिए अनुविभागीय अधिकारी डौण्डीलोहारा को निर्देशित किया।

गौठान में शामिल करे मल्टीएक्टिविटी के कार्य : संभागायुक्त कावरे ने जनपद पंचायत डौण्डीलोहारा के ग्राम पंचायत खपराभाठ के आदर्श गौठान का भ्रमण किया। जिसमें आजीविका गतिविधि से सम्बद्ध महिला स्व-सहायता समूह से चर्चा की गई। सर्वप्रथम दोना-पत्तल निर्माण का अवलोकन किया गया, दोना-पत्तल निर्माण में संलग्न स्वरांजली स्व-सहायता समूह के अध्यक्ष द्वारा जानकारी दी गई कि बनाए गए दोना-पत्तल को ग्राम स्तर पर ही स्थानीय लोगों ने खरीद लिया जाता है।

उन्होंने समूह से आय की जानकारी प्राप्त की और उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए। मशरूम उत्पादन करने वाली जय मॉ शीतला स्व-सहायता समूह से मशरूम उत्पादन के सम्बंध में जानकारी ली। महिलाओ ने बताया कि तापमान अधिक होने के कारण मशरूम उत्पादन में कमी आई है।  उन्होंने मशरूम उत्पादन में अधिकता लाने के संबंध में आवश्यक सुझाव भी दिए।

मछली पालन किये जा रहे तालाब के निरीक्षण के दौरान आयुक्त कावरे ने पूछा गया कि मत्स्य निरीक्षक द्वारा समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाता है कि नहीं? जिस पर समूह की महिलाओं  ने बताया गया कि समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाता है जिससे मत्स्य पालन में लाभ होता है। मछली के आकार में वृद्धि के लिए समय-समय पर बियासी करने निर्देशित करने निर्देशित किया तथा तालाब में बत्तख पालन करने से होने वाले लाभ के बारे में सुझाव दिया गया। डब्ल्यू.ए.टी. में भरे पानी का सदुपयोग करने के संबंध में निर्देशित करने पर समूह के सदस्यों ने बताया कि डब्ल्यू.ए.टी. में भरे पानी का उपयोग वृक्षारोपण में डालने के लिए किया गया है, जिसे सुनकर आयुक्त द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गई। मुर्गी पालन शेड का निरीक्षण के दौरान तापमान की अधिकता को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर मुर्गियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने एवं तकनीकी मार्गदर्शन के लिए पशुपालन विभाग से समन्वय स्थापित करने निर्देशित किया ।

स्व-सहायता समूह बनाए केले के चिप्स : संभागायुक्त कावरे ने केला बाड़ी का भ्रमण किया तथा केला की बिक्री आदि के संबंध में जानकारी ली। जनपद पंचायत डौण्डीलोहारा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि केला का चिप्स बनाए जाने के संबंध में कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिस पर आयुक्त कावरे द्वारा प्रसन्नता जाहिर की गई। इस अवसर पर एस.डी.एम. मनोज कुमार मरकाम, तहसीलदार आर.आर.दुबे, जनपद पंचायत डौण्डीलोहारा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रूपेश कुमार पाण्डेय मौजूद थे।