अनोखी श्रद्धा : सड़क पर लेट-लेटकर त्यागी महाराज कर रहे बदरीनाथ की यात्रा...

Posted On:- 2022-05-26



जोशीमठ (वीएनएस)। भगवान के लिए जब मन में श्रद्धाभाव हो तो उसके आगे उम्र, थकान या दूरी कोई मायने नहीं रखती। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है 75 साल के संत त्यागी महाराज ने। बद्रीनाथ धाम के दर्शन को निकले त्यागी महाराज ने गाड़ी, हवाई जहाज या फिर रेल से अपनी यात्रा नहीं की है। महाराज ने मुरैना से 900 किमी. का अपना ये सफर तपती सड़क पर लेट-लेट कर किया है। फिलहाल वे बद्रीनाथ धाम के दूसरे मुख्य पड़ाव पांडुकेश्वर से आगे निकल गए हैं जिसकी दूरी लगभग 850 किमी. की है। त्यागी महाराज की इस आस्था को जो देख रहा है वो हैरान है और भगवान के दर्शनों के साथ ही उनके भी दर्शन कर रहा है।

इस पूरी यात्रा के दौरान त्यागी महाराज के पूरे शरीर पर जख्म हो गए हैं। सड़क पर अनगिनत बार लेटने के चलते उनके पैरों से लेकर पेट तक सभी जगह घाव हो गए हैं। साथ ही गर्मी के कारण तपती सड़क के चलते उनका शरीर कई जगह से झुलस भी गया है लेकिन वे इस बात की परवाह किए बिना अपनी भक्ती में लीन भगवान के दर्शनों के लिए लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इस दौरान उनके चेहरे पर केवल श्रद्धा के भाव हैं, दर्द का कोई भाव उनके चेहरे पर नहीं दिखता है।