रायपुर (वीएनएस)। जिला स्वास्थ्य समिति रायपुर ने जिला चिकित्सालय पंडरी में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत 0 से 18 वर्ष के बच्चों के लिये किया जाएगा । स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य समय रहते बच्चों के जटिल रोगों की पहचान करना और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है।
मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी रायपुर डॉ. मीरा बघेल ने बच्चों और अभिभावकों से अपील की। कि वह अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य शिविर में जांच के लिए पहुंचे। शिविर में पहुंचकर पंजीयन कराए उसके उपरांत उनकी निशुल्क जांच की जाएगी। गंभीर स्थिति में रोगियों को उच्च चिकित्सालयों के लिए भी रेफरल किया जाएगा। इस शिविर का उद्देश्य बच्चों के घर तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाना है और उनको रोगों का समय पर पहचान कर उचित चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराना भी है।
शिविर की जानकारी देते हुए डॉ. मीरा बघेल ने बताया कि ’राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों व किशोर-किशोरियों के कान, नाक, गला, हड्डी, नेत्र रोग सहित कार्डियोलॉजिस्ट (हृदय रोग विशेषज्ञ) और न्यूरोलॉजिस्ट (मस्तिष्क रोग विशेषज्ञ) ने स्वास्थ्य जांच की जाएगी।
शिविर में फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। शिविर का लाभ लेने आये मरीजों को उपचार उपरांत दवा का वितरण भी किया जाएगा। इसके लिए जिले में कार्यरत सभी चिरायु दलों को निर्देशित किया गया है।
प्रजनन, मातृ, नवजात, बाल और किशोर स्वास्थ्य (आरएमएनसीएचए) की जिला सलाहकार डॉ.रंजना गायकवाड ने बताया कि बदलते मौसम में स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानी होना आम बात है। इसलिए मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए समस्या आने से पहले ही सावधानी के साथ सतर्कता बरतने से स्वास्थ्य से संबंधित परेशानियों पर सहजता से नियंत्रण किया जा सकता है। विशेषकर गर्मी के मौसम में बच्चों व किशोर-किशोरियों को भी कई तरह की स्वास्थ्यगत परेशानियां होने लगती हैं तथा इससे बचाव के लिए हर-संभव प्रयास किए जाते हैं। जिले में विभिन्न जन जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।
सिविल सर्जन डॉ.पीके गुप्ता बताया कि 27 मई को जिला चिकित्सालय रायपुर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत चिन्हांकित बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार के लिए शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सक, आयुष्मान भारत अंतर्गत अनुबंधित निजी चिकित्सालय वी.वाय.हॉस्पिटल, रामकृष्ण हॉस्पिटल के विशेषज्ञ और न्यूरोलॉजिस्ट भी उपस्थित रहेंगे साथ ही डेंटिस्ट फिजियोथैरेपिस्ट एमडी मेडिसिन और साइकेट्रिक हृदय रोग विशेषज्ञ नाक कान गला विशेषज्ञ नेत्र रोग विशेषज्ञ शिशु रोग विशेषज्ञ त्वचा रोग विशेषज्ञ भी शिविर में अपनी सेवाएं देंगे न्यूरोलॉजिस्ट सेवाएं देंगे।
शिविर में शून्य से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों व किशोर-किशोरियों के साथ ही शिशु रोग संबंधी समस्या होने पर भी परिजन शिविर में उपस्थित होकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श एवं उपचार सेवा ले सकते हैं।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आरबीएसके फरवरी 2013 में आरंभ किया गया था। बच्चों के जीवन की समग्र गुणवत्ता को ऊपर उठाने के और उन्हें अपनी सम्पूर्ण क्षमता को पाने योग्य बनाने के लिए प्रारंभ किया गया था। इस कार्यक्रम में जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों की स्वास्थ्य जांच शामिल है। स्वास्थ्य जाँच में चार श्रेणियों- जन्म जात रोग, कमियाँ , बीमारियाँ, विकास में देरी से सम्बंधित 32 रोगों की जांच की जाती है, ताकि इन रोगों का शीघ्र पता लगाते हुए बीमार बच्चों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सके साथ ही इसमें तृतीयक स्तर पर सर्जरी भी शामिल है। इन चार श्रेणियों में श्रेणीबद्ध रोगों को 4डी (4D) के नाम से भी जाना जाता है।