मटन की दुकान से हो रहा है वीर शहीदों का अपमान, प्रशासन मौन

Posted On:- 2022-05-26



खरसिया (वीएनएस)। मखमल के गद्दे पर टाट के पैबंद की तरह सब्जी मार्केट के बीच में मटन की दुकान आसपास दुर्गंध का माहौल निर्मित कर रही है। वहीं यह दुकान वीर शहीद हेमू कालाणी की प्रतिमा के बगल में ही स्थित है। नगर प्रशासन को इस बाबत सचेत भी करवाया गया था, परंतु ना जाने क्यों जिम्मेदार अधिकारी अब तक मौन साधे बैठे हुए हैं।

यहाँ बीच बाजार सजी इस दुकान के आजू-बाजू सब्जी दुकान वाले मजबूरी में बैठे तो रहते हैं, परन्तु दुर्गंध की वजह से उनके पास ना तो कोई ग्राहक जाता है ना ही उनका सामान बिक पाता है। हर आने जाने वाले इस जगह से नाक सिकोड़ते हुए जाते हैं। जबकि मटन दुकानों की लाइन अलग है। वेजिटेबल के बीच में नॉनवेज बिल्कुल भी सही नहीं है। इसे जितना जल्दी हो सके इस इस दुकान को मटन दुकानों के लाइन में भेजना चाहिए ताकि हरी सब्जी बेचने वालों को राहत मिल सके।

सिंधी समाज में पनप रहा आक्रोश

सिंधी समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों का कहना है कि हमारे वीर शहीद हेमू कलाणी का स्मारक स्थल के बाजू में ही जो दुर्गंध का माहौल है। यहां पर गंदगी भरी पड़ी है और इस दुर्गंध और गंदगी की वजह से वह जगह बिल्कुल भी आने जाने लायक नहीं है। हमारे इस देश के वीर सपूत हेमू कलाणी जिस पर पूरा देश नाज करता है, ऐसी पावन स्मारक स्थल के पास तो सुंदर सी जगह अच्छा वातावरण होना चाहिए।

मटन दुकान की वजह से वहां पर दुर्गंध फैली हुई है, मक्खी मच्छर भीनभिनातै रहते हैं। जो कि बिल्कुल भी अशोभनीय है। इस विषय को लेकर आम लोगों के साथ-साथ सिंधी समाज को विशेष तौर पर नाराजगी देखी जा रही है। इससे सिंधी समाज के लोगों को बहुत आघात लगा है।