
रायपुर (वीएनएस)। मुख्यमंत्री बघेल ने गुरुवार को महारानी अस्पताल जगदलपुर में 3 करोड़ रुपये लागत से बने बर्न यूनिट के लिए भवन उन्नयन कार्य, नियंत्रण एवं समन्वय केंद्र कार्य एवं 2 करोड़ रुपये की लागत से बने स्पर्श क्लिनिक एवं नशामुक्ति वार्ड उन्नयन कार्य का लोकार्पण किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महारानी अस्पताल के डीएडिक्शन यूनिट में नशामुक्ति का इलाज करा रहे अजहर से बातचीत की। अज़हर ने बताया कि वह मध्यप्रदेश का रहने वाला है और विगत 20 दिनों से यहां इलाज करा रहा है। उसे मादक पदार्थ सेवन की लत थी, इस बुरी आदत से निजात पाने के लिए वह डीएडिक्शन यूनिट में भर्ती हुआ है। मुख्यमंत्री ने अज़हर को नशा छोड़ कर सामान्य जीवन व्यतीत करने प्रेरित करते हुए कहा कि अब नशा मत करना। अजहर ने मुख्यमंत्री से कहा- मैं नशा नहीं करूंगा।