धमतरी (वीएनएस)। डूबान क्षेत्र से धीरे-धीरे चंदा हाथी का दल कांकेर वन मंडल की ओर जाने लगा है। पिछले दो-तीन दिनों से धमतरी और चारामा की सीमा में विचरण कर रहा है। जब तक पूरी तरह से चारामा की ओर दल नहीं जाएगा तब तक लोगों को राहत नहीं मिलेगी। इसके साथ-साथ एक दंतैल हाथी भी उसी क्षेत्र में ही भ्रमण कर रहा है।
चंदा हाथियों का दल सिंगपुर क्षेत्र की ओर जाने के बाद वापस लौट आया था जो कुछ दिनों तक डूबान क्षेत्र में रहने के बाद अब कांकेर वन मंडल के चारामा रेंज में चला गया है। घने जंगल होने की वजह से हाथी कभी चारामा की ओर कभी धमतरी की ओर आ जाते हैं। इस वजह से लोगों को हमेशा ही सतर्क रहना पड़ता है। दल प्रमुख ओमकार नेताम ने बताया कि अभी चंदा हाथियों का दल किलेपार, तुएगहन की ओर ही है जहां पर बुधवार को घरों को नुकसान पहुंचाया है। बुधवार शाम बांधापारा के जंगल में उतर गए थे।उत्तर दिशा में जब आते हैं तो धमतरी की और दक्षिण की ओर जाते हैं तो चारामा की ओर चले जाते हैं। जब तक पूरी तरह से चारामा की और आगे नहीं बढ़ जाएंगे तब तक क्षेत्र के लोगों को राहत नहीं मिलेगी। उनके टीम में 6 से 7 लोग हैं जो हमेशा चौकस रहते हैं। आस-पास के गांव में सूचित कर मोबाइल नंबर दे दिया गया है जैसे ही सूचना मिलती है उनकी टीम पहुंच जाती है।
अभी अकलाडोगरी, माटेगहन, तुएगहन, पणडरीपानी, कोड़ेगाँव रै, कोलियारी में अलर्ट जारी है।टीम में दल प्रमुख ओमकार नेताम,दल सहायक नरेंद्र नेताम,गोपाल चौकीदार आदि है।