नई दिल्ली (वीएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत, दुनिया में ड्रोन प्रौद्योगिकी का प्रमुख केन्द्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में देश के सबसे बड़े भारत ड्रोन महोत्सव-2022 का उद्घाटन करते हुए श्री मोदी ने कहा कि देश में ड्रोन प्रौद्योगिकी का प्रमुख केन्द्र बनने की अपार क्षमता है। उन्होंने कहा कि ड्रोन उद्योग के फलने-फूलने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। श्री मोदी ने कहा कि ड्रोन तकनीक को लेकर देश में बड़ा उत्साह दिखाई दे रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केन्द्र न्यूनतम सरकार और अधिकतम शासन के मार्ग पर चलकर लोगों के जीवन और व्यापार को सुगम बनाने पर ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी ने अंतिम छोर के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र के तहत सरकार ने आम नागरिकों के कल्याण के लिए तकनीक का इस्तेमाल एक सेतु के रूप में किया है।
श्री मोदी ने कहा कि ड्रोन जैसा एक स्मार्ट उपकरण जल्द ही हर नागरिक के जीवन का हिस्सा बनने जा रहा है। यह कृषि, रक्षा, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवा सहित सभी क्षेत्रों में सामग्री को गुणवत्ता परक बनाने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि ड्रोन किसानों के जीवन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाने जा रहे हैं, जिसका एक बेहतरीन उदाहरण स्वामित्व योजना है।
ड्रोन के जरिए पहली बार देश के गांवों में हर संपत्ति की डिजिटल मैपिंग की जा रही है। इससे मानवीय हस्तक्षेप कम हुआ है और कामकाज में पारदर्शिता आई है। अब तक 65 हजार संपत्ति कार्ड जारी किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि ड्रोन से किसानों को खेती के आधुनिक तरीके अपनाने और आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। स्वास्थ्य सेवा में सुधार लाने में ड्रोन महत्वपूर्ण होंगे।