
जगदलपुर (वीएनएस)। पूरी दुनिया में 28 मई को 'मासिक धर्म स्वच्छता दिवस' मनाया जाता है। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य लड़कियों और महिलाओं को महीने के `उन 4-5 दिन’ यानी मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता रखने के लिए जागरूक करना और उन्हें माहवारी से संबंधित सही जानकारियां देना है। साथ ही समाज में फैली ऐसी सभी दूषित मानसिकता को दूर करना है जो महावारी से जुड़ी हुई है। मासिक धर्म स्वच्छता दिवस मनाने के लिये 28 तारीख इसलिए चुनी गई क्योंकि आमतौर पर महिलाओं का मासिक धर्म 28 दिनों के भीतर आता है और पीरियड्स साइकल आमतौर पर 5 दिनों का होता है इसलिए पांचवें महीने यानि मई को चुना गया है।
समान्यतः मासिक धर्म 9 से 13 साल की लड़कियों को होने लगता है। यह शरीर में होने वाली एक सामान्य हार्मोनल प्रक्रिया है। इसके होने से शरीर में बहुत ही महत्वपूर्ण परिवर्तन होते हैं। यह क्रिया बिल्कुल प्राकृतिक है|, यह सभी लड़कियों में किशोरावस्था से शुरू हो जाती है| लेकिन इसके बारे में बहुत से लोगों के मन मे कई तरह की अवधारणाएं बनी हुई हैं जो अज्ञानता के कारण से समाज मे फैली हुई है।
इस बारे में जानकारी देते हुए गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ.मनीषा ने बताया कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता न रखने पर बैक्टीरियल और फंगल इंफेक्शन होने की संभावना बनी रहती है। मासिक धर्म के समय कपड़े का उपयोग नहीं करना चाहिए बल्कि उसके स्थान पर सेनेटरी पैड्स का इस्तेमाल करना चाहिए। और इन्हें माहवारी के दौरान नियत अन्तराल के बाद बदलना भी चाहिए। साथ ही इस्तेमाल किए गए सेनेटरी पैड को सही तरीके से फेंकना भी बहुत जरूरी है नहीं तो आसपास के वातावरण में भी बीमारियां फैल सकती हैं। प्रयोग किए गए पैड्स कागज में लपेटकर कूड़ेदान में डालें। ध्यान रखें कि माहवारी कोई बीमारी नहीं है बल्कि एक साधारण शारीरिक प्रक्रिया है। अगर कोई समस्या है तो डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
मासिक धर्म सुरक्षा के लिए एक स्वच्छ विधि का उपयोग करना महिलाओं के स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता के लिए महत्वपूर्ण है। एनएफएचएस -5 के अनुसार 15-24 आयु वर्ग की 69 प्रतिशत महिलाएं मासिक धर्म प्रबंधन के लिए एक स्वच्छ तरीके जिसमें स्थानीय स्तर पर तैयार नैपकिन, सैनेटरी नैपकिन, और मेंस्ट्रुअल कप शामिल हैं का उपयोग करती हैं, वहीं एनएफएचएस-4 में केवल 47 प्रतिशत महिलाएं ही स्वच्छ तरीके का उपयोग करती थीं । एनएफएचएस के आंकड़ों से स्पष्ट है कि महिलाओं में माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता आ रही है। वहीं अगर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के आंकड़ों को अलग-अलग कर के देखें तो शहरी क्षेत्र की महिलाएं इस मामले में आगे हैं ग्रामीण क्षेत्र में जहां 65 प्रतिशत महिलाएं स्वच्छ तरीकों का उपयोग करती हैं वहीं शहरी क्षेत्र में 83 प्रतिशत महिलायें स्वच्छ विधि का उपयोग करती हैं।