बांध में डूबने से दो बच्चियों की मौत, घर में पसरा मातम...

Posted On:- 2022-05-27



उदयपुर (वीएनएस)। शादी समारोह में शामिल दो सगी बहनों का शव बांध में मिलने से शादी का माहौल गम में बदल गया। 7 व 8 साल की दो बहनें अपने परिवार के साथ 26 मई को पास की बस्ती में शादी समारोह में शामिल होने गईं थीं। दोपहर को दोनों बिना बताए घर के लिए निकल गई। रात में जब परिजन पहुंचे तो दोनों घर में नहीं मिलीं। इसके बाद उनकी खोजबीन शुरु की गई। शुक्रवार की सुबह बांध में गांव के लोगों ने दोनों के शव देखे। यह खबर जब परिजनों तक पहुंची तो वहां कोहराम मच गया। दोनों की नहाने के दौरान डूब जाने की आशंका जताई जा रही है। बालिकाओं का शव निकलवाकर पुलिस ने पीएम पश्चात उन्हें सौंप दिया।

सरगुजा जिले के केदमा चौकी अंतर्गत ग्राम जीवलिया निवासी 2 सगी बहनें काव्या तिर्की 8 वर्ष व सुशीला तिर्की 7 वर्ष 26 मई को शादी समारोह में शामिल होने गांव से लगे बस्ती में परिजनों के साथ गई थीं। शादी समारोह से बिना परिजनों को बताए दोनों दोपहर करीब 2-4 बजे के बीच घर के लिए निकल गईं। शाम को जब परिजन घर पहुंचे तो दोनों वहां नहीं मिलीं। इसके बाद परिजनों द्वारा उनकी खोजबीन शुरु की गई, काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चल सका।

दोनों बेटियों के गायब होने से परिजन निराश थे। इसी बीच घर से लगे बांध में शुक्रवार की सुबह नहा रहे लोगों ने उनकी शव देखा। सूचना मिलते ही परिजन वहां पहुंचे और बिलख-बिलखकर रोने लगे। सूचना पर केदमा चौकी प्रभारी मनोज सिंह भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और बालिकाओं का शव बाहर निकलवाया। पुलिस ने पीएम पश्चात शव उनके परिजनों को सौंप दिया।

दोनों बहनों की मौत के संबंध में आशंका जताई जा रही है कि शादी समारोह से लौटने के दौरान दोनों बांध में नहाने गई होंगी और डूबकर मौत हो गई होगी। गमगीन माहौल में दोनों बहनों का अंतिम संस्कार किया। घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।