राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स के पदक विजेताओं को बृजमोहन ने किया सम्मानित

Posted On:- 2022-05-27



रायपुर (वीएनएस)। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने शुक्रवार को राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ को पदक दिलाने वाले रायपुर के खिलाड़ियों का सम्मान करते हुए कहा कि आप सब ने छत्तीसगढ़ का जो मान एवं सम्मान बढ़ाया है। उसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। छत्तीसगढ़ की जनता आपका सदैव ऋणी रहेगी।

41वीं राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 20 से 22 मई तक अन्ना स्टेडियम कोड्डालुर (तमिलनाडु) में आयोजित हुई। प्रतियोगिता में रायपुर के 35+ तुलसी साहू 800 मी. 1500 मी. एवं 10,000 मी. दौड़ में कास्य पदक, 50+ विमल बेरा 400 मी. एवं 800 मी. दौड़ में कास्य पदक, 60+ पवन धनगर 1500 मी. 5000मी. एवं 10000 मी. दौड़ में स्वर्ण पदक 60+ एम. तिग्गा 800 मी. कास्य पदक एवं 10,000 मी. दौड़ में रजत पदक, 80+ शंकर तंबोली 800 मी. कांस्य पदक एवं 1500 मी. दौड़ में रजत पदक तथा महिला वर्ग में 60+ श्रीमती संध्या सवई 100, 200 एवं लम्बी कूद में कास्य पदक प्राप्त किये।

उक्त प्रतियोगिता में लगभग 17 राज्य के विभिन्न आयु वर्ग के लगभग 1850 महिला एवं पुरूष खिलाड़ियों ने भाग लिये। छत्तीसगढ़ को 15 स्वर्ण, 8 रजत एवं 20 कास्य पदक प्राप्त हुआ।

सभी पदक विजेता खिलाड़ियों ने बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात की। खिलाड़ियों को बृजमोहन अग्रवाल ने पदक पहनाकर उनका सम्मान किया व प्रदेश को गौरव दिलाने के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया।