जगदलपुर ( वीएनएस)। शून्य से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों व किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य की जांच करने के लिए शुक्रवार को विशेष जिला स्तरीय ‘वृहद स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन किया गया। महारानी अस्पताल जिला चिकित्सालय में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के अंतर्गत आयोजित इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में 148 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष शिविर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत चिरायु दलों द्वारा चिन्हांकित, शून्य से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों व किशोर-किशोरियों को शिविर में बुलाया गया था। इस दौरान कैंप में उनके स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ही आवश्यक जांच व उपचार उपलब्ध कराया गया। आयोजित शिविर में सत्य साईं संजीवनी अस्पताल से कार्डियोलॉजिस्ट, बालाजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से ईएनटी, न्यूरो एवं मेडिसिन के विशेषज्ञ उपस्थित थे। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के.चतुर्वेदी ने बताया कि ‘बच्चों व किशोर-किशोरियों की स्वास्थ्यगत परेशानियों को दूर करने के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम चलाया जाता है। इसके अंतर्गत विभिन्न बीमारियों की जांच तथा उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। हमारे देश में पोषण और अन्य कमियों की वजह से कई बार गर्भावस्था या जन्म के बाद बच्चों में विभिन्न प्रकार की जन्मजात विकृतियां या विकासात्मक अवरोध जैसी जटिल समस्या उत्पन्न हो जाती है, यदि समय रहते इन समस्याओं का उपचार किया जाए तो स्थाई विकलांगता से बचाव सम्भव है। इसके लिए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार ने शुरू किए गए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत इन्हीं जन्मजात या जन्म के बाद पाए जाने वाले विभिन्न समस्याओं को एबीसीडी की श्रेणी में रखते हुए शून्य से 18 वर्ष तक के बच्चों का इलाज किया जा रहा है। आगे जानकारी देते हुए उन्होंने बताया, जिला चिकित्सालय में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार के लिए वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में शून्य से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों व किशोर-किशोरियों के कान, नाक, गला, हृदय, मस्तिष्क, दंत चिकित्सा, हड्डी व नेत्र रोग से संबंधित जांच की गई। जिसमें जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सक के साथ ही अनुबंधित निजी चिकित्सालय के चिकित्सा विशेषज्ञों और सहयोगियों ने शिशु रोग से संबंधी समस्याओं की जांच कर परामर्श एवं उपचार किया गया। 148 मरीजों को मिला लाभ वृहद स्वास्थ्य शिविर में कुल 148 लोगों ने लाभ लिया। शिविर का लाभ लेने वालों में मुख्य रूप से 20 हृदय रोग से संबंधित, 18 न्यूरो रोग, 22 ईएनटी रोग, 8 ऑर्थो, तथा 80 सामान्य रोग से संबंधित मरीज शामिल थे। सभी को जांच व परामर्श प्रदान किया गया।