ट्रांसफर के बाद डिप्टी कलेक्टरों को दी गई विदाई

Posted On:- 2022-05-27



गरियाबंद (वीएनएस)। गरियाबंद जिले में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर सूरज साहू, शीतल बंसल एवं रुचि शर्मा को दूसरे जिले में स्थानांतरण होने पर जिला प्रशासन ने शुक्रवार की संध्या कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में भावभीनी विदाई दी। कलेक्टर नम्रता गांधी की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभागीय अधिकारी सम्मिलित हुए। जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर ने स्थान्तरित अधिकारियों को बांस से बने पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट किया।

विदाई समारोह को सम्बोधित करते हुए कलेक्टर नम्रता गांधी ने कहा कि कार्य के प्रति तत्पर रहने के कारण इन युवा अधिकारियों की पहचान कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में रही है। राजिम माघी पुन्नी मेला के सफल आयोजन, कमार भुजिया शिविर,दिव्यांग शिविर, पेंशन शिविर, महिला समूह, आजीविका, प्रशासन, ग्रामीण विकास और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में इन अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रहा है। कलेक्टर ने इन अधिकारियों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए आगामी कार्यकाल के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। जिला पंचायत सीईओ रोक्तिमा यादव ने कहा की ये अधिकारी परिस्थितियों का आंक्कलन कर पूरी क्षमता के अनुरूप कार्य करने में सक्षम थे। वे किसी भी समस्या का सकारात्मक ढंग से समाधान करने में सक्षम थे। उनके कार्य अनुभव व ज्ञान का लाभ अधीनस्थ अधिकारियों को भी मिलेगा। उन्होने उनके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना की और अगली जिम्मेदारियों के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। विदाई समारोह में अपर कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

ज्ञात है कि मैनपुर के अनुविभागीय अधिकारी सूरज साहू का बिलासपुर, छुरा अनुविभागीय अधिकारी शीतल बंसल का बालोद एवं जनपद पंचायत छुरा की सीइओ रुचि शर्मा का रायपुर डिप्टी कलेक्टर के रूप में स्थानांतरण हुआ है। विदाई समारोह में अपर कलेक्टर जे आर चौरसिया, एस.डी.एम विश्वदीप, अविनाश भाई, अनुपम टोप्पो, के के डहरिया,सी.एम.एच.ओ डॉ एन आर नवरत्न, अन्य जिला अधिकारी भी मौजूद थे। स्थानांतरित अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किये और अपने अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान कलेक्टर और जिला अधिकारियों से मिले सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार व्यक्त सहायक आयुक्त आदिवासी बी.के.सुखदेवे ने किया।