नई दिल्ली (वीएनएस)। जिन्दल स्टील एंड पावर ने रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर उत्पादन क्षेत्र में एक बड़ी छलांग लगाई है। कंपनी छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित अपने स्टील प्लांट में देश की पहली रेल पहिया उत्पादन कारखाना लगाएगी। इस योजना को अंजाम देने के लिए कंपनी ने जीआईएफएलओ-हंगरी के साथ एक समझौता किया है।
जीआईएफएलओ-हंगरी और जिन्दल स्टील के बीच यह तकनीकी करार नई दिल्ली में शुक्रवार, 27 मई को हंगरी दूतावास एवं फिक्की के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “भारत-हंगरी बिजनेस फोरम” में हुआ, जिसके अनुसार प्लांट की शुरुआती उत्पादन क्षमता 25 हजार सेट पहिया प्रतिवर्ष होगी।
इस संबंध में जिन्दल स्टील एंड पावर के प्रबंध निदेशक वीआर शर्मा ने कहा कि उनकी कंपनी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किये गए आत्मनिर्भर भारत अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। रेल पहिया प्लांट से भारतीय रेल के आधुनिकीकरण को गति मिलेगी और विश्वस्तरीय गुणवत्ता वाले पहियों की उपलब्धता से हम भारत सरकार के दूरदर्शी “गतिशक्ति अभियान” को साकार करने में एक महत्वपूर्ण साझेदार साबित होंगे।
शर्मा ने कहा कि अपनी क्षमताओं पर विश्वास और रेल परिवहन की आवश्यकताओं को समझते हुए जेएसपी अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप रेल पटरियों की विभिन्न श्रेणियों की मांग पूरी करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। रायगढ़ की रेल मिल से भारतीय रेलवे और विभिन्न मेट्रो रेल परियोजनाओं को विशेष ग्रेड के रेल की आपूर्ति की जा रही है।