मुठभेड़ में 1 लाख का इनामी बिल्लू दुजाना सहित दो बदमाश ढेर, एक सिपाही घायल...

Posted On:- 2022-05-28



गाजियाबाद (वीएनएस)। गाजियाबाद में शनिवार तड़के पुलिस से हुई मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर हो गए। मुठभेड़ में एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया है। मारे जाने वाले बदमाशों में बिल्लू दुजाना एक लाख का और राकेश 50 हजार का इनामी था। पुलिस ने बिल्लू को इंदिरापुरम जबकि राकेश को मधुबन बापूधाम क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में ढेर किया है।

पुलिस ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में मारे गए दोनों बदमाश बिल्लू दुजाना और राकेश दुजाना वेव सिटी में हुए दोहरे हत्याकांड मामले में वांछित चल रहे थे। बिल्लू दुजाना एक लाख का इनामी और राकेश 50 हजार का इनामी था। पुलिस की बिल्लू से इंदिरापुरम तो राकेश से मधुबन बापूधाम क्षेत्र में मुठभेड़ हुई।

एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल ने बताया कि सूचना के आधार पर वह सीओ प्रथम स्वतंत्र कुमार सिंह व टीम के साथ मधुबन बापूधाम‌ में चेकिंग की जा रहे थे। बाइक सवार दो संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया तो वे बैरिकेडिंग तोड़कर भागने लगे। इस कारण बाइक फिसली और दोनों गिर गए। पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आता‌ देख दोनों ताबड़तोड़ फायरिंग कर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में गौतमबुद्धनगर के दुजाना गांव निवासी राकेश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। घायल को अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उधर, दोनों बदमाशों की फायरिंग में एसपी सिटी प्रथम व सीओ प्रथम के बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी और एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया है।‌ राकेश 50 हजार का इनामी बदमाश था।

दूसरे एनकाउंटर में इंदिरापुरम में एसपी क्राइम दीक्षा शर्मा और‌ सीओ इंदिरापुरम अभय मिश्र की टीम करी चेकिंग से बचकर भाग रहे दो बदमाश बैरिकेड के साइड से निकलने के दौरान तारों में फंस गए। ने पकड़ने को दौड़ी पुलिस पर फायरिंग कर दी गई, जिसमें दुजाना गांव निवासी अवनीश उर्फ बिल्लू दुजाना गोली लगने से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।

आरोपियों पर दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों में 16 मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश कविनगर क्षेत्र में दो लोगों की गोली मारकर हत्या करने के भी आरोपी थे। एक दिन पहले ही गाजियाबाद के स्थायी एसएसपी बनाए गए मुनिराज के नेतृत्व में पुलिस की बदमाशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई है। एक ही दिन में दो कुख्यात इनामी बदमाश मारना पुलिस की बड़ी सफलता है।