कोयला और खनन क्षेत्र में प्रौद्योगिकी अपनाना महत्वपूर्ण : अपर सचिव

Posted On:- 2022-05-28



नई दिल्ली (वीएनएस)। कोयला मंत्रालय ने विद्युत मंत्रालय, इस्पात मंत्रालय और खान मंत्रालय के सहयोग से भुवनेश्वर में राष्ट्रीय खनिज कांग्रेस का आयोजन किया। वर्चुअल माध्यम से कांग्रेस को संबोधित करते हुए कोयला मंत्रालय में सचिव अनिल कुमार जैन ने राष्ट्रीय खनिज कांग्रेस की सफलता की कामना की और हितधारकों के विचार-विमर्श के माध्यम से मूल्यवान परिणाम प्राप्त करने की आशा व्यक्त की। राष्ट्रीय खनिज कांग्रेस को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कोयला मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव वीके तिवारी ने कहा कि मंत्रालय ने वर्ष 2030 तक 100 मीट्रिक टन कोयला गैसीकरण प्राप्त करने के लिए एक राष्ट्रीय मिशन दस्तावेज तैयार किया है। उन्होंने कहा, कोयला गैसीकरण भविष्य है। कोयले को जलाने की तुलना में कोयला गैसीकरण को स्वच्छ विकल्प माना जाता है। गैसीकरण कोयले के रासायनिक गुणों के उपयोग की सुविधा प्रदान करता है। श्री तिवारी ने कहा कि तकनीकी प्रगति से कोयला की अधिक मात्रा में प्राप्ति, खनन कार्यों में आसानी, उत्पादकता में वृद्धि, अधिक सुरक्षा और लागत में मदद मिल रही है। अतिरिक्त सचिव ने कहा, कंपनियों को वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं का समर्थन करने के लिए नई तकनीकों को अपनाने और डिजिटल बुनियादी ढांचे का निर्माण करने की आवश्यकता है। इस क्षेत्र में प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।