कवर्धा (वीएनएस)। कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने शुक्रवर को एसपी कार्यालय में नवागंतुक अधिकारियों की बैठक बुलाई। बैठक में अन्य जिलों से स्थानांतरण पर आये अधिकारियों को जिले में बेहतर पुलिसिंग करने अपराध तथा अपराधियों पर लगाम लगाने, अवैध शराब बिक्री, जुआ, सट्टा, अवैध गाँजा परिवहन एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा महिला और बालक-बालिकाओं से संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए असामाजिक तत्व पर सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। एसपी सिंह ने अधिकारियों को पुलिस-जनता के मध्य बेहतर संबंध स्थापित करने लगातार थाना क्षेत्र में भ्रमण कर आम जनों से मुलाकात करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की असामाजिक तत्व है, तो उनकी जानकारी लेकर सख्त कार्यवाही करें। थानों में यदि कोई पीडि़त आए तो उनसे बेहतर व्यवहार कर उनकी समस्याओं को जानकर अपराध पंजीबद्ध कर उचित कार्यवाही करने तथा गुम बालक बालिकाओं से संबंधित थाने में दर्ज प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण कर गुम बालक बालिकाओं को सुरक्षित परिजनों को सुपुर्द करने के निर्देश दिए। वहीं नक्सल गतिविधियों का विशेष ध्यान रखते हुए वनांचल क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र को मजबूत करने निर्देशित किया।
उक्त बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर रावटे, उप. पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मोनिका सिंह परिहार, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया नरेंद्र कुमार बेंताल, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोड़ला जगदीश उइके, उप पुलिस अधीक्षक जय सिंह मरावी एवं जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं नवागंतुक निरीक्षक थाना, चौकी प्रभारी उपस्थित थे।