
दुर्ग ( वीएनएस)। मानवता की भलाई के लिए मरणोपरांत देहदान की अनुकरणीय मिसाल प्रस्तुत करने वालों में दुर्ग के साहू दंपत्ति का नाम शामिल हो गया है। बीएसपी आरसीएल लैब से सेवानिवृत 32/3, प्रगति नगर बोरसी के पोषण लाल साहू और उनकी पत्नी श्रीमती परसूती साहू ने सामाजिक संस्था प्रनाम के अध्यक्ष पवन केसवानी की काउंसलिंग के पश्चात उनके माध्यम से देहदान की वसीयत जारी की।
राजीव लोचन आयुर्वैदिक कॉलेज चांदखुरी के नाम देहदान की वसीयत जारी की है। देहदान के उद्देश्य के बारे में पोषण लाल साहू ने कहा कि मरने के बाद भी यदि हम जिंदा समाज की भलाई के लिए हमारा मृत शरीर कुछ काम आ सके तो सही अर्थों में हमारा मानव धर्म साकार हो जाएगा।
देहदान करने वाले साहू दंपति ने परस्पर एक दूसरे की वसीयत में उत्तराधिकारी रिश्तेदार के रूप में हस्ताक्षर कर अपना भावनात्मक सहयोग प्रदान किया। देहदान की इस नेक पहल के दौरान उपस्थित जनों में प्रनाम के अध्यक्ष पवन केसवानी के अलावा दल्ली राजहरा से आए सामाजिक कार्यकर्ता स्वाधीन जैन, पुनाराम साहू दंपति के पुत्र शशांक स्वर्णदीप और उनकी पुत्री श्वेता स्वर्णदिप ने भी अपनी विशेष सहभागिता प्रदान की।