
मुम्बई (वीएनएस)। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 529 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 325 मरीज ठीक हुए और एक भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई। सक्रिय मामले 2772 हैं। वहीं एक दूसरी खबर से महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। यहां पहली बार B.A.4 और 5 के वेरिएंट मिले हैं। राज्य के पुणे जिले में B.A.4 के चार मरीज और B.A.5 के तीन मरीज सामने आए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इन सभी पांचों मरीजों में हल्के लक्षण पाए गए थे। घर पर ही उनका इलाज किया जा रहा है। गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका सहित दुनिया के कई देशों में अप्रैल में ओमीक्रोन के ये सब वैरिएंट पाए गए थे, लेकिन अब तक राज्य में कोई मामला सामने नहीं आया था।
उन्होंने बताया कि B.A.4 के चार मरीज और B.A.5 के तीन मरीज हैं,इनमें से चार पुरुष और तीन महिलाएं हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को मिले इन मरीजों में से चार मरीज 50 वर्ष से अधिक उम्र के हैं जबकि दो की आयु 20से 40 साल के बीच में है। उन्होंने बताया कि वहीं नौ साल का बच्चे में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि छह मरीजों ने टीके की दोनों खुराकें ली हैं जबकि एक ने बूस्टर शॉट भी ले लिया है। बच्चे का टीकाकरण नहीं हुआ है। अधिकारी ने कहा कि उन सभी में कोविड-19 के हल्के लक्षण थे और घर पर ही आइसोलेशन में रखकर उनका इलाज किया गया।
इन मरीजों के नमूने 4 से 18 मई के बीच लिए गए थे। अधिकारी ने बताया कि जब उनकी ट्रैवल हिस्ट्री चेक की गई तो पता चला कि इनमें से दो ने दक्षिण अफ्रीका और बेल्जियम की यात्रा की थी, जबकि तीन ने केरल और कर्नाटक की यात्रा की थी। अन्य दो रोगियों की हाल-पिलहाल में कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं मिली है।
गौरतलब है कि BA4 और BA5 वेरिएंट को सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका के स्वास्थ्य अधिकारियों ने जनवरी और फरवरी में रिपोर्ट किया था। तब से दोनों वेरिएंट दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम और जर्मनी, डेनमार्क आदि सहित यूरोप के कई देशों में कहर मचाए हुए हैं। B.A.4 और B.A.5 ओमीक्रोन के सब-वैरिएंट्स हैं। हाल ही में तमिलनाडु में एक 19 वर्षीय महिला SARS-CoV2 के वैरिएंट BA.4 से संक्रमित मिली थी। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की यात्रा करने वाला एक व्यक्ति हैदराबाद एयरपोर्ट पर बीए.4 वैरिएंट से संक्रमित मिला था।