शिक्षा ही आने वाले कल का निर्माण करती है : ओपी चौधरी

Posted On:- 2022-05-29



खरसिया (वीएनएस)। ओपी चौधरी एक ऐसा नाम है जो राजनीति में सर चढ़कर बोल ही रहा है, परंतु युवाओं की शिक्षा का उद्देश्य बनाकर वह सालों से लोगों को प्रेरित करते रहते हैं। कहीं भी कोई भी जगह यदि उन्हें युवा मिल जाएं तो उन्हें वह पढ़-लिख कर आगे बढ़ने के गुण जरूर सिखाते हैं। ऐसा ही वाकिया शनिवार की दोपहर का है, जब उन्होंने खरसिया के हमालपारा में युवाओं को कैरियर गाइडेंस देना शुरू किया। भरी दोपहरी का वक्त था। थोड़ी सी पेड़ों की छांव के तले बैठकर युवाओं के प्रेरणास्रोत ओपी चौधरी ने हमालपारा के छात्र-छात्राओं को बताया कि उन्हें किस तरह पढ़ना है और किस तरह आगे बढ़ना है।

युवाओं को ओपी चौधरी ने समझाया कि न्यूज़पेपर प्रतिदिन पढ़ना और न्यूज़ चैनल भी प्रतिदिन देखना। आईएएस की कोचिंग के लिए किस तरह तैयारी करना इसके लिए भी उन्होंने पूरी दो पन्ने की लिस्ट तैयार करके दी। उन्होंने बताया कि किस किस राइटर की बुक पढ़नी है और फिर यह भी बताया कि दो-तीन साल के बाद जब यह सब आप पढ़ कर तैयारी पूरी कर लोगे, तो फिर मेरे पास आना तब मैं तुम्हें और भी बहुत कुछ बताऊंगा। जब-जब युवा ओपी चौधरी के सामने आते हैं तब तब वह युवाओं को पढ़ लिख कर आगे बढ़ने की प्रेरणा जरूर देते हैं।