रायपुर (वीएनएस)। तंबाकू सेवन से केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि इससे मानसिक स्वास्थ्य को भी नुकसान पहुंचता है। तंबाकू से बने उत्पादों के सेवन करने वालों को कई प्रकार की गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।
इसके बाद भी लोग बड़ी संख्या में तंबाकू (बीड़ी, सिगरेट, गुटखा आदि) का सेवन करते हैं। तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिये प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 31 मई को “विश्व तंबाकू निषेध दिवस” मनाया जाता है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के तहत तंबाकू का सेवन न करने के प्रति जन-जागरूकता के लिए जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जिला नोडल अधिकारी तंबाकू नियंत्रण डॉ.संजीव वोहरा ने बताया: “तंबाकू से बने उत्पाद का सेवन करने से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी नुकसान होता है। तंबाकू से बने उत्पादों के सेवन करने से गंभीर बीमारियों का खतरा बना रहता है। यह आगे चलकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी में बदल सकती है। जो आगे चलकर जानलेवा भी साबित हो सकती है। तंबाकू के सेवन से बचाने और लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूकता करने के लिए 31 मई को जिले भर में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। जन जागरूकता के लिये विशेष रुप से ई-रिक्शा से माईकिंग कर तंबाकू से बने उत्पादों से होने वाले नुकसान के बारे में बताया जाएगा । और नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम 30 मई को किया जाएगा।
सभी विभागों के समन्वय से होंगे कार्यक्रम-राज्य से प्राप्त निर्देश के अनुसार इस वर्ष तंबाकू से होने वाले दुष्प्रभाव के साथ ही पर्यावरण पर होने वाले नुकसान से अधिकारियों, विशेषकर बच्चों को अवगत कराने के लिए जिले में खास गतिविधियां विभिन्न विभागों के समन्वय के साथ आयोजित होंगी। इसके तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम रैली, रेडियो, माईकिंग, झांकी, साइकिलिंग, नुक्कड़ नाटक आयोजित होंगे। सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में “नो तंबाकू” की शपथ दिलाई जाएगी और योग शिविर भी लगाए जाएंगे। सोशल मीडिया जैसे- फेसबुक, दैनिक अखबार के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही जिला स्तर पर कार्ययोजना तैयार कर विकासखण्ड पर तंबाकू निषेध कार्यक्रम चलाया जाएगा। स्कूल, कॉलेज एवं कार्यालयों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए अन्तर्विभागीय समन्वय किया जाएगा। तंबाकू निषेध संबंधी जागरूकता के लिए प्रतियोगिताएं( चित्रकला, निबंध एवं पोस्टर ) आयोजित होंगी तथा मई माह के प्रत्येक सप्ताह में प्रवर्तन दल द्वारा चलानी कार्यवाही कोटपा के विभिन्न धाराओं पर किया जाना मुख्य है।
तंबाकू के सेवन से कई बीमारियों का खतरा-विशेषज्ञ बताते हैं कि तंबाकू के सेवन से कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों के होने का खतरा रहता है। इसमें फेफड़े का कैंसर, लिवर कैंसर, मुंह का कैंसर, कोलन कैंसर, गर्भाशय का कैंसर, इरेक्टाइल डिस्फंक्शन और हृदय रोग जैसी बीमारियां शामिल हैं।
नशा सेवन छोड़ने के फायदे-धूम्रपान न करने के कई फायदे है। धूम्रपान बंद करने पर उच्च हृदय गति और रक्त चाप में कमी आती है, खून में मौजूद कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर घटकर सामान्य हो जाता है, शरीर के भीतर खून का प्रवाह और फेफड़ों की कार्य क्षमता बढ़ती है, दिल से जुड़ी बीमारियां होने का खतरा धूम्रपान करने वालों की तुलना में आधा हो जाता है, मस्तिष्काघात का खतरा कम होगा, मुंह, गले, मूत्राशय, अग्नाशय, गर्भाशय और फेफड़ों का कैंसर होने का खतरा कम हो जाएगा।
नशा सेवन छोड़ने के लिए यहाँ करें संपर्क-तंबाकू छोड़ने के लिए जिला तंबाकू नशा मुक्ति केंद्र जिला चिकित्सालय मंडी गेट पंडरी रायपुर से संपर्क कर निशुल्क इलाज व चिकित्सकीय उपचार प्राप्त कर सकते है ।