मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मारकर हत्या, एक दिन पहले हटाई गई थी सुरक्षा

Posted On:- 2022-05-29



मानसा (वीएनएस)। अपने गीतों के माध्यम से गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पंजाब में हड़कंप मच गया है। उन पर मानसा के जवाहरके गांव में अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है। बताया जा रहा है कि सिद्धू मूसेवाला पर करीब 30 गोलियां दागी गईं।

गंभीर रूप से घायल सिद्धू मूसेवाला को मानसा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हमले में दो अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानलेवा हमले के समय सिद्धू मूसेवाला खुद गाड़ी ड्राइव कर रहे थे। शुरुआती जांच में सिद्धू मूसेवाला पर हमले को लेकर गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई ग्रुप की ओर संदेह की उंगलियां उठ रही हैं।

मनसा अस्पताल के सिविल सर्जन डा. रंजीत राय ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला को अस्पताल मृत लाया गया था। कुल तीन लोगों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से सिद्धू मूस वाला की मौत हो गई। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया है।

पंजाब पुलिस पर सवाल उठना तय

यह घटना मानसा जिले में हुई है। यहां पर अज्ञात हमलावरों ने महिंद्रा जीप चला रहे मूसेवाला पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गंभीर रूप से घायल मूसेवाला को मानसा के अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें नहीं बचाया जा सका। उनकी हत्या से पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने तय हैं।

एक दिन पहले ही सरकार ने घटाई थी सुरक्षा

बता दें कि भगवंत मान की अगुवाई वाली आप सरकार ने शनिवार को ही सिद्धू मूसेवाला की सिक्योरिटी घटाई थी। मूसेवाला के पास पहले करीब 8 से 10 गनमैन थे। मान सरकार ने एक्शन लेते हुए उनके पास सिर्फ 2 ही गनमैन छोड़े थे। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हत्या के समय उनके साथ गनमैन थे कि नहीं।

सिद्धू मूसेवाला ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में राजनीति में किस्मत आजमाने का फैसला किया था। उन्हें पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पार्टी में लेकर आए और मानसा से टिकट दी। हाालंकि चुनाव में वह आम आदमी पार्टी के डा. विजय सिंगला के हाथों हार गए। बाद में डा. विजय सिंगला स्वास्थ्य मंत्री बने लेकिन भ्रष्टाचार के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर कांग्रेस ने गहरा दुख व्यक्त किया है। पार्टी ने एक ट्वीट में कहा कि पंजाब से कांग्रेस प्रत्याशी रहे और प्रतिभाशाली गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से कांग्रेस पार्टी और पूरे देश को गहरा सदमा लगा है। हम उनके परिवार, प्रशंसकों और मित्रों के साथ गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।

गायक सिद्धू मूसेवाला हथियारों को बढ़ावा देने वाले गानों के कारण विवादों में रहे और केस भी दर्ज हुआ था। इसके बावजूद वह युवाओं में खासे लोकप्रिय थे। सिद्धू मूसेवाला के लाखों प्रशंसक हैं और यूट्यूब पर उनके कुछ वीडियो को एक दस करोड़ से ज्यादा लोगों ने पसंद किया है।