वैमनस्यता फैलाने वाले संगठन के पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से जैन समाज में नाराजगी

Posted On:- 2022-05-29



सकल जैन समाज ने मुख्यमंत्री से मिलने मांगा समय

रायपुर (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ के भाईचारे में वैमनस्यता का बीज बोने वाली छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के अध्यक्ष पर एफआईआर होने के बावजूद अभी तक कार्रवाई नही होने पर जैन संवेदना ट्रस्ट ने आश्चर्य व्यक्त किया है। कोंडागाँव में मुख्यमंत्री ने सकल जैन समाज के प्रतिनिधि मंडल को शीघ्र ठोस कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने कहा कि जैन समाज को शीघ्र कार्यवाही का भरोसा है लेकिन फिर भी समाज में रोष व्याप्त है। जैन संवेदना ट्रस्ट छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल के द्वारा अल्पसंख्यक एवं अहिंसक जैन समाज के धार्मिक गुरुओं के खिलाफ अभद्र, अनर्गल शब्दों के प्रयोग करने के कुत्सित प्रयास की निन्दा करता है। जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने कहा कि जैन समाज को परदेशिया कहना न्यायसंगत नही है। जैन धर्मावलंबियों का छत्तीसगढ़ में हजारों वर्षों का ऐतिहासिक प्रमाण है। अमित बघेल ने जैन धर्म के साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का अपमान किया है।

सारे विश्व में अहिंसा का पाठ पढ़ाने वाले, आपसी प्रेम सद्भभावना एवं भाईचारा बढ़ाने वाले, जियो और जीने दो का संदेश देने वाले और जगत के सभी प्राणीमात्र के प्रति करुणा भाव धारण करने वाले जैन मुनियों के बारे में ऐसी धारणा रखने वाले और खुले मंच से उनके प्रति ऐसी घटिया भाषा का प्रयोग करने वाले कि मानसिकता का अंदाजा स्वयं लगाया जा सकता है। कल सकल जैन समाज ने शांतिपूर्ण ढंग से हजारों की संख्या में मार्च निकाल कर विरोध दर्ज किया था । छत्तीसगढ़ के सैकड़ों कस्बों नगरों में प्रशासन को शिकायत दर्ज कराई गई है।

इस सम्बंध में सकल जैन समाज ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात का समय मांगा है , प्रतिनिधि मंडल शीघ्र मुलाकात कर समाज में वैमनस्यता फैलाने वाले छत्तीसगढ़ क्रांति सेना पर प्रतिबंध की मांग करेगा।