आस्था के प्राचार्य संतोष के निधन पर ओपी चौधरी ने दी श्रद्धांजलि

Posted On:- 2022-05-30



रायगढ़ (वीएनएस)। दंतेवाड़ा, जावंगा स्थित  एजुकेशन सिटी में आस्था के प्राचार्य संतोष के आकस्मिक निधन पर भाजपा नेता ओपी चौधरी ने अश्रुपूरित श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आस्था संस्था के जरिए नक्सल प्रभावित क्षेत्र में अनाथ बच्चों को शिक्षित करने आपका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

‘आस्था’ नामक संस्थान में प्राचार्य के रूप में लगातार सेवा देने वाले संतोष प्रधान का मात्र 46 वर्ष की उम्र मे अचानक दुखद निधन हो गया। हिंसा प्रभावित ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रति आस्था जगाने  के लिए प्राचार्य संतोष का जीवन समर्पित रहा। आस्था संस्था के प्रति जानकारी साझा करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि हिंसा प्रभावित बच्चों के लिये आस्था सीबीएसई बोर्ड का 1200 सीटो वाला अत्यंत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने वाला निःशुल्क  संस्थान है।

विशेष तौर पर बेसहारा बच्चों को शिक्षा दी जाती है । हर वर्ष दाखिले के लिए आवेदन की लंबी कतार संस्थान के प्रति लोगो की आस्था को दृढ़ साबित करती है। अशिक्षा व अज्ञानता के अंधकार में पले बढ़े बच्चों को संस्कार वान शिक्षित ओजस्वी बनाने में आस्था संस्था नीव का पत्थर साबित हो रही है।

बड़े बड़े विश्वविद्यालयो की तर्ज पर आस्था की  बिल्डिंग को बेहतर बनाने में संतोष जी की भूमिका अदभुत रही है। आस्था संस्था के प्रधान संतोष की भूमिका यहां अध्यनरत हर बच्चे के लिए पालक की तरह रही। ऐसे बच्चों के लिए उनकी आंखों में अपना पन का दृश्य आज भी उनके मानस पटल पर मौजूद है।  संतोष के बिना आस्था अधूरी रहेगी। परम पिता परमेश्वर से मृतात्मा की शांति के लिए  प्रार्थना करते हुए ओपी ने कहा उनके सदकार्य समाज के लिए सदैव प्रेरणा स्त्रोत बनेंगे।