कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीणों ने बताई समस्या-शिकायतें

Posted On:- 2022-05-30



ग्रामीणों ने मिनी स्टेडियम और पेयजल और पुलिया की करी मांग

नारायणपुर (वीएनएस)। शासन की मंशानुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी द्वारा कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में जनदर्शन का आयोजन हर सोमवार को प्रातः 11 बजे से 1 बजे तक किया जा रहा है, जिसमें जिले के अंदरूनी गांवों से आये ग्रामीणों ने अपनी मांग एवं समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। प्राप्त आवेदनों में मुख्यतः ग्राम पंचायत नेडनार को पटवारी रिकार्ड में शामिल करने, मिनी स्टेडियम निर्माण, ग्राम पंचायत करलखा में आरसीसी पुलिया निर्माण, नया नल और बोरखनन आदि शामिल है। कलेक्टर रघुवंशी ने इन प्रकरणों पर संवेदनशीलता और गंभीरता से विचार करते हुए इनके निराकरण के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये।

जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों में समस्त ग्रामवासी ग्राम तोयमेटा को ग्राम पंचायत नेडनार में शामिल कर पटवारी रिकार्ड में शामिल करने, विष्णु मानिकपुरी एवं अन्य लोगों ने मिनी स्टेडियम बनवाने, अंधारी सलाम एवं ग्राम पंचायत करलखा ने ग्राम पंचायत करलखा में आरसीसी पुलिया निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने, समस्तग्राम वासी ग्राम खोडगांव ने ग्राम खोड़गांव के पिडहांबैंडापारा में नया ल हेतु और समस्तग्राम वासी ग्राम कोरेण्डा ने नया बोरखनन के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।