नई दिल्ली (वीएनएस)। भारत और बांग्लादेश के बीच सीमा समन्वय सम्मेलन कल सिलहट में शुरू हुआ। बंगलादेश बॉर्डर गार्ड की विज्ञप्ति में कहा गया है कि चार दिन तक चलने वाला यह सम्मेलन दो जून को सम्पन्न होगा। भारत की ओर से सीमा सुरक्षा बल के महानिरीक्षक सुमित शरण के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सम्मेलन में भाग ले रहा है।
बांग्लादेश प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चटगांव के क्षेत्रीय कमांडर ब्रिगेडियर जनरल तनवीर गनी चौधरी कर रहे हैं। बंगलादेश के प्रतिनिधिमंडल में गृह और विदेश मंत्रालय तथा भूमि अभिलेख और सर्वेक्षण विभाग के अधिकारी भी शामिल हैं। सम्मेलन में सीमा प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा होगी। इसमें जिन प्रमुख मुददों पर विचार-विमर्श होगा उनमें अवैध प्रवेश, मादक पदार्थों सहित अन्य वस्तुओं तथा महिलाओं और बच्चों की तस्करी, अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के भीतर विकास गतिविधियों तथा बीजीबी और बीएसएफ के बीच विश्वास बढ़ाना शामिल हैं।