नई दिल्ली (वीएनएस)। गुजरात सरकार ने मृदा संरक्षण के लिए ईशा आउटरीच के साथ समझौता किया है। ईशा फाउंडेशन के संस्थापक सदगुरु जग्गी वासुदेव और मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल की उपस्थिति में समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में वर्ष 2004 से किसानों के लिए मृदा स्वास्थ्य कार्ड परियोजना लागू है।
उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में मृदा की जांच के लिए 115 मृदा स्वास्थ्य प्रयोगशाला स्थापित की गई हैं। सदगुरू जग्गी वासुदेव ने मृदा संरक्षण के महत्व पर बल दिया। इस समझौते में खारेपन से बचाव के जरिये मृदा संरक्षण के विभिन्न पहलू और हरित क्षेत्र में वृद्धि करना शामिल है। मृदा संरक्षण का संदेश देने के लिए सदगुरू तीस हजार किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए सौ दिन के बाइक अभियान पर हैं।