रायपुर (वीएनएस)। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर अग्रसेन महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें लोगों को नशे के दुष्प्रभाव के सम्बन्ध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में संकल्प नशा मुक्ति केंद्र (रायपुर) के वरिष्ठ परामर्शदाता अजय श्रीवास्तव मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए अनेक प्रकार की विकृतियां पैदा करता है। यदि किसी परिवार में एक भी सदस्य नशे की आदत का शिकार हो जाए, उस परिवार के बाकी सदस्यों पर भी इस बुराई का विपरीत असर पड़ता है। इसलिए यदि घर-परिवार को बचाना है तो नशा-मुक्त समाज बनाने की दिशा में युद्द स्तर पर कार्य करना बेहद जरुरी है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण अनेक परिवारों में अलगाव और सम्बन्ध विच्छेद की नौबत तक आ जाती है। इसलिए इस बुराई को समय रहते समाज से दूर करना आवश्यक है।
अपने सम्बोधन में डायरेक्टर डॉ वी.के. अग्रवाल ने कहा कि नशा अनेक प्रकार से घर, परिवार और समाज को हानि पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि समाज कार्य विभाग के विद्यार्थी इस कार्य को संकल्प के रूप में लेते हुए समाज में विशेष भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह विषय, समाज के विकास के लिए सक्रिय कार्यकर्त्ता और स्वयंसेवक तैयार करने का प्रभावी मंच है।
प्राचार्य डॉ युलेन्द्र कुमार राजपूत और एडमिनिस्ट्रेटर प्रो. अमित अग्रवाल ने भी आमंत्रित वक्ता द्वारा दी गई महत्वपूर्ण जानकारी के लिए महाविद्यालय परिवार की और से उन्हें साधुवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन समाज कार्य संकाय के विभागाध्यक्ष प्रो. मो. रफीक ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक तथा समाज कार्य (एम.एस.डब्ल्यू) विषय के समस्त विद्यार्थी शामिल हुए।