मुख्यमंत्री, महिला-बाल विकास मंत्री ने दी विश्व बाल सुरक्षा दिवस की बधाई

Posted On:- 2022-05-31



रायपुर (वीएनएस)। मुख्यमंत्री बघेल तथा महिला बाल विकास मंत्री भेंडिया ने 1 जून को विश्व बाल सुरक्षा दिवस के अवसर पर सभी बच्चों के स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना की है। विश्व बाल सुरक्षा दिवस के अवसर पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि बच्चों को स्वस्थ, सुपोषित और सुरक्षित जीवन देना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। बाल सुरक्षा दिवस वह अवसर है, जब हम बच्चों के लिए अपनी प्रतिबद्धता को फिर से दोहराते हैं। आज के बच्चे कल भविष्य गढ़ेंगे। बच्चों के साथ उनके बाल मन को समझते हुए संवेदनशीलता से व्यवहार किया जाना चाहिए। बच्चों के अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता जरूरी हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने बच्चों को ढेर सारा प्यार देते हुए ईश्वर से अपनी कृपा बच्चों पर बनाए रखने की प्रार्थना की। महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया ने विश्व बाल सुरक्षा दिवस के अवसर पर बच्चों के स्वस्थ और सुखी जीवन की कामना करते हुए कहा है कि बच्चों से संबंधित बढ़ते हिंसा और आपराधिक मामलों को देखते हुए हमें उनके प्रति और अधिक जागरूक और संवेदनशील होने की जरूरत है। वर्तमान समय में हम सबकी जिम्मेदारी है कि बच्चों से संबंधित किसी भी तरह के शोषण को रोकने के लिए मामलों को सामने लाएं। हमें बच्चों के मानसिक और मनोवैज्ञानिक पहलुओं को जानने और समझने की भी जरूरत है। आज हमारी सतर्कता और व्यवहार ही भावी पीढ़ी का भविष्य है।