नारायणपुर (वीएनएस)। कलेक्टर ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ पहुंचाने के संबंध में बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले के किसानों को लाभान्वित करना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा कर वहां के पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करें।
कलेक्टर ने कहा कि आगामी 1 अगस्त से किसानों का पंजीयन कार्य प्रारंभ होने जा रहा है। ऐसे किसान जिन्होंने अपना पंजीयन करा लिया है, वे ही धान का टोकन कटाने के पात्र होंगे। इसलिए आवश्यक है कि संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन अनिवार्य रूप से करायें। उन्होंने कहा कि मसाहती सर्वे उपरांत किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड, बीज, खाद आदि पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करायें, जिसके लिए संबंधित क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी जिम्मेदार होंगे। इसके साथ ही किसानों के भूमि का भूमिसमतलीकरण, बोर खनन कार्य भी आश्यकतानुसार करायें। साथ ही वनाधिाकर प्राप्त किसानों का भी किसान क्रेडिट कार्ड बनाना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत देवेश कुमार ध्रुव, उपसंचालक कृषि बीएस बघेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नारायणपुर घनश्याम जांगड़े, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ओरछा रमांचल यादव के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।