हरी झण्डी दिखाकर जागरूकता रथ को किया रवाना

Posted On:- 2022-05-31



अम्बिकापुर (वीएनएस)। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पी.एस. सिसोदिया ने विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। जिले के सभी विकासखंडों में 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के रुप में मनाया गया। भारत सरकार द्वारा इस वर्ष विश्व तम्बाकू निषेध दिवस को टोबैको-थ्रेट टू अवर इनवायरमेंट के थीम पर मनाया गया।

इस अवसर पर डॉ सिसोदिया ने कहा कि विश्व तंकाकू निषेध दिवस का मकसद तंबाकू के उपयोग से जुड़े खतरे को उजागर कर स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति लोगों को जागरूकता के लिए प्रोत्साहित करना है। जिला नोडल अधिकारी डॉ शैलेन्द्र गुप्ता ने कहा कि तम्बाकू का सेवन करने से विभिन्न गंभीर रोग मुख्यतः फेफड़ों का कैंसर होता है। यह बीमारी सबसे ज्यादा उन लोगों को होती है जो स्मोकिंग करते हैं। स्मोकिंग के कारण फेफड़े की कार्यप्रणाली बुरी तरह से प्रभावित होती है। इससे व्यक्ति धीरे-धीरे कैंसर की चपेट में आ जाता है। तम्बाकू का सेवन और स्मोकिंग डायबिटिज के प्रमुख कारणों में एक मानी जाती है इसलिए अगर हम डायबिटिज से बचे रहना चाहते हैं तो तम्बाकू का सेवन तत्काल छोड़ दें। तम्बाकू का ज्यादा नशा करने से स्वाद तथा सुघने की शक्ति प्रभावित होती है तथा कई असंक्रामक रोग हो जाते हैं।

जिला मुख्यालय सहित अन्य विकासखंड मुख्यालयों में जागरूकता रैली चित्रकला प्रतियोगिता एवं माईक के माध्यम से तम्बाकू का सेवन नहीं करने की समझाइश दी गई। इस अवसर पर डॉ पुष्पेन्द्र राम, डॉ अमीन फिरदौसी, हनी गोटलिब, प्रशांत कश्यप, रानू गुप्ता सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।