बीजापुर (वीएनएस)। प्रदेश के मुख्यमंत्री के भेंट-मुलाकात कार्यक्रम की घोषणाओं के कार्यान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता की जाये। इस दिशा में संबन्धित विभागों द्वारा कार्यान्वयन के लिए त्वरित पहल सुनिश्चित किया जाये। वहीं पूर्व की घोषणाओं के क्रियान्वयन को अतिशीघ्र पूर्ण किया जाये।
उक्त निर्देश सीईओ जिला पंचायत श्री रवि कुमार साहू ने कलेक्टोरेट में आयोजित समय-सीमा की बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए। उन्होने मुख्यमंत्री के द्वारा भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान की गयी घोषणाओं के त्वरित क्रियान्वयन हेतु संबन्धित विभागों को प्रकिया शुरू करने कहा। वहीं राज्य स्तर से संबन्धित प्रस्तावों को यथाशीघ्र प्रेषित किये जाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार हेतु नदी-नाले में एनीकट, स्टॉपडेम निर्माण, तालाबों के गहरीकरण तथा कुंआ निर्माण को बढ़ावा देने संबन्धी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कहा।
गौठानों में आजीविकामूलक गतिविधियों को बढ़ावा देने, वनोपज प्रसंस्करण, मिर्च की खेती एवं साग-सब्जी उत्पादन को प्रोत्साहित करने, फलदार वृक्षारोपण सहित कोदो-कुटकी एवं रागी की खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित कर उन्हे बीज एवं अन्य आदान सहायता मुहैया कराये जाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान खरीफ सीजन 2022 के तहत किसानों को बीज-खाद की सुलभता, फसल ऋण की उपलब्धता सहित धान के बदले अन्य फसल के तहत उच्चहन भूमि में मक्का, उड़द एवं वृक्षारोपण करने हेतु चिन्हीत किसानों को आवश्यक परामर्श एवं सहायता सुलभ कराये जाने के निर्देश दिए गए।
वहीं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को जिले के चयनित स्थलों पर वृक्षारोपण किये जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत और नगरीय निकायों के सीएमओ मौजूद थे।