जब ग्राहक बन कलेक्टर,निगम आयुक्त दवा खरीदने पहुंचे धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर...

Posted On:- 2022-05-31



अंबिकापुर (वीएनएस)। धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे और लोगों को सस्ते दर में दवाइयां उपलब्ध हो सके इसके लिए सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा योजना की सतत निगरानी कर रहे हैं।

इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त सर्व प्रथम नेकी की दीवार के पास संचालित धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर पहुंचे। वहां कलेक्टर द्वारा बुखार की दवाई पेरासिटामोल मांगी, जिस पर दुकान संचालक ने उन्हें पेरासिटामोल 500 एमजी के टेबलेट का एक पत्ता दिया। जिसका एमआरपी रेट 10 रुपये अंकित था। इसके बाद कलेक्टर ने कितना पैसा देना है यह पूछा जिस पर दुकानदार ने उनसे 4रुपये77 पैसे मांगे। इतने में कलेक्टर के बगल में खड़े शख्स ने पहचान लिया कि यह दवाई लेने आया शख्स कोई और नहीं बल्कि सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा है। उसके बाद वहां पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहां पर मौजूद लोगों से कलेक्टर ने चल रहे धनवंत्री मेडिकल जेनेरिक स्टोर के बारे में चर्चा भी की और दुकान संचालक से बातचीत कर उसे आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर और आयुक्त बिलासपुर चौक के पास संचालित धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर पहुंचे और वहां पर नगर निगम आयुक्त ने पेट दर्द की दवाई मांगी। दुकानदार द्वारा डायसाइक्लोमीन नामक दवाई दी जिसका एमआरपी 24 रुपए अंकित था। आयुक्त ने दुकानदार को 25 रुपये दिए, जिस पर दुकानदार ने आयुक्त को बताया कि यह धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर है जहां पर सबसे सस्ती दवाई दी जाती है। लगभग सभी दवाइयों पर न्यूनतम 50% से 71% तक कि छूट रहती हैं। लेकिन यहां पर भी दुकानदार के साथ खड़े सहयोगी ने पहचान ही लिया कि बगल में जो शख्स खड़ा है वह कोई और नहीं सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा है। इसके बाद दुकान संचालक ने उन्हें अंदर आने और पानी पीने के लिए आमंत्रित किया। कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त दोनों ने धनवंत्री जेनेरिक मेडिकल स्टोर में रखी हुई दवाइयों का निरीक्षण किया साथ में कितने लोग दुकान में दवाइयां लेने आ रहे हैं,और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक कैसे इसका लाभ पहुंचाया जाए इसके लिए दुकानदार को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।