बेमेतरा (वीएनएस)। जिले में कोविड-19 के रोकथाम एवं बचाव के लिए कोविड-19 टीकाकरण ही एक मात्र उपाय है। डॉ. खेमराज सोनवानी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जानकारी दिया गया कि कलेक्टर विलास भोसकर संदीपान के निर्देशानुसार 01 जून 2022 से पूरे माह भर नियमित टीकाकरण दिवस (मंगलवार एवं शुक्रवार) को छोडकर प्रतिदिन टीकाकरण दिवस का आयोजन किया जायेगा। महाअभियान का आयोजन स्वास्थ्य विभाग के द्वारा ग्राम स्तर पर योजना बनाकर घर-घर दस्तक देकर किया जायेगा, जिसके तहत टीकाकरण टीम घर घर जाकर लक्ष्यित आयु वर्ग के हितग्राहीयों को प्रथम डोज़, द्वितीय डोज एवं प्रिकॉशन डोज के लिए लंबित है या जिन्हे किन्ही कारणों से अपना टीकाकरण नही करा पाये है, उन्हे टीकाकृत करेगें। जिले में गठित टीम में स्वास्थ्य विभाग की मैदानी कार्यकर्ता ए.एन.एम. के साथ पटवारी, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं कोटवार के साथ जिला एवं ब्लाक स्तर के अधिकरियों की संयुक्त टीम योजना अनुसार ग्रामों में जाकर पात्र हितग्राहीयों का घर-घर सर्वे करके उन्हे टीकाकृत किया जायेगा। कलेक्टर के निर्देशन में जिला स्तर से सभी सेक्टर के लिए जिला अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिले के समस्त 12 से 14 आयु वर्ग, 15 से 17 आयु एवं 18 वर्ष व उनसे अधिक आयु के समस्त नागरिकों को शतप्रतिशत टीका लगवाया जाना अत्यंत आवश्यक है। टीके लगाये जाने पर शरीर में रोगप्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है, संक्रमण का खतरा कम हो जाता है। जिले के प्रत्येक 12 से 14 आयु वर्ग, 15 से 17 आयु एवं 18 वर्ष व उनसे अधिक आयु के नागरिकों को शीघ्र ही कोविड-19 के टीके का खुराक अवश्य ले एवं शत-प्रतिशत टीकाकरण कराते हुए अपने एवं परिवार के सदस्यों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएं। जो टीका नही लगवाये है, ऐसे लाभार्थियों से संक्रमण फैलने का खतरा बना रहेगा जिसके लिए ऐसे हितग्राहीयों को महाअभियान 01 जून 2022 से 30 जून 2022 तक प्रथम डोज, द्वितीय डोज एवं प्रिकॉशन डोज़ का टीकाकरण करते हुए कोरोना संक्रमण को रोकने का प्रयास किया जायेगा।
इसके लिए कलेक्टर द्वारा सर्व विभाग प्रमुखों को निर्देश देते हुए कहा गया कि शासन की महत्वपूर्ण कोविड-19 टीकाकरण महाअभियान को सफल बनाने के लिए दिए गए दायित्वों का पालन करें इसके साथ ही सभी जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा गया कि जिनका कोविड-19 टीके का कोई भी डोज लेने से वंचित है या किन्ही कारणों से नही लगा पाये है, ऐसे हितग्राही तत्काल अपने नजदीकी टीकाकरण केन्द्र या स्वास्थ्य केन्दों में संपर्क करके अपना टीकाकरण अत्यंत आवश्यक रूप से करावें एवं परिवार के सदस्यों एवं बच्चों को सुरक्षित रखने में अपनी अमूल्य जिम्मेदारी को पूर्ण करें।
महाअभियान के दौरान आपके गांव में आने वाले टीकाकरण दल के सदस्यों का हर संभव मदद करें एवं सर्वे में ली जाने वाली जानकारी प्रदाय करने में सहयोग दें 01 जून 2022 से 30 जून 2022 तक आयोजित होने वाले महाअभियान को सफल बनाते हुए अपने गांव व जिले को कोरोना जैसे महामारी के रोकथाम व बचाव करने में योगदान दें।