रिटायरमेंट के बाद पुलिस मुख्यालय में डीआईजी टी एक्का को दी गई विदाई

Posted On:- 2022-05-31



6 महीने में सेवानिवृत्त होने वाले हैं 5 आईएएस सहित 8 अधिकारी

रायपुर (वीएनएस)। पुलिस मुख्यालय में मंगलवार को छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स में डीआईजी की जिम्मेदारी संभाल रहे टी. एक्का को विदाई दी गई। डीजीपी अशोक जुनेजा ने कहा कि एक्का के अनुभवों और कार्य प्रणाली से पुलिस अधिकारियों को सीखना चाहिए। उन्होंने अपनी लगन और निष्ठा से एकीकृत मध्यप्रदेश सहित छत्तीसगढ़ राज्य में अपनी सेवाएं दी। इस अवसर पर एडीजी हिमांशु गुप्ता, एसआरपी कल्लूरी, प्रदीप गुप्ता, विवेकानंद सिन्हा, आईजी एचसी द्विवेदी, संजीव शुक्ला, आरपी साय, डीआईजी हिमानी खन्ना, विनीत खन्ना, आरएन दाश, बीएस ध्रुव, एमएल कोटवानी, मिलना कुर्रे, एआईजी मनीष शर्मा, यूबीएस चौहान, वायपी सिंह, संजय शर्मा, जयन्त वैष्णव मौजूद थे।

मई महीने से आईपीएस और आईएएस के रिटायरमेंट की झड़ी लगने वाली है। 6 महीनों में 8 अफसर रिटायर होंगे। इनमें 5 आईएएस हैं। अफसरों के रिटायरमेंट की शुरुआत मंगलवार को टी. एक्का से हुई। जून महीने में दो आईएएस अफसर रिटायर होंगे। इनमें लोक सेवा आयोग के सचिव ईमिल लकड़ा और राजस्व मंडल के सदस्य उमेश अग्रवाल हैं। राजस्व मंडल में अध्यक्ष नहीं हैं। सदस्य के रूप में ही अग्रवाल सभी मामले सुन रहे हैं। उनके रिटायरमेंट के बाद पोस्टिंग के लिए फिर कवायद करनी होगी, क्योंकि अध्यक्ष नियुक्त करने के दौरान ही जब कैंडीडेट नहीं मिले तो उमेश अग्रवाल को दोनों जिम्मेदारी दी गई थी।

सबसे ज्यादा चार लोगों के रिटायरमेंट सितंबर महीने में है। आईपीएस में मुकेश गुप्ता और टीजे लांगकुमेर रिटायर हो रहे हैं। मुकेश गुप्ता फिलहाल सस्पेंड चल रहे हैं। वहीं, लांगकुमेर अपने गृहराज्य नागालैंड में डीजीपी हैं। आईएएस अफसरों ने छत्तीसगढ़ के सीनियर मोस्ट अफसर बीवीआर सुब्रमण्यम का सितंबर में रिटायरमेंट है। सुब्रमण्यम केंद्र में कॉमर्स सेक्रेटरी हैं। इसके अलावा रायपुर कमिश्नर एके टोप्पो भी सितंबर में रिटायर हो जाएंगे।