तो हो सकती है पेट्रोल पंप में तेल की किल्लत...

Posted On:- 2022-05-31



धमतरी (वीएनएस)। डीलरों और तेल कंपनियों के बीच कमीशन एवं अन्य मामलों को लेकर सामंजस्य नहीं होने से पम्पों में पेट्रोल डीजल की किल्लत हो सकती है। कुछ दिनों से ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंप में इंधन कम पहुंचने लगा है। इसकी वजह डीलरों के कमीशन को नहीं बढ़ाना एवं एडवांस पेमेंट पर तेल सप्लाई करने को मुख्य वजह माना जा रहा है।

पिछले 5 सालों से डीलरों का पेट्रोल और डीजल पर कमीशन नहीं बढ़ा है जिसे बढ़ाने की मांग करते हुए देश के कुछ राज्यों में पेट्रोल पंप संचालकों ने अपना पंप बंद कर दिया है अथवा ईंधन कम मंगवा रहे हैं जिसकी वजह से किल्लत शुरू हो सकती है। पंप मालिकों ने डिपो से तेल लेने से मना कर दिया है। धमतरी में भी कुछ दिनों से कुछ पेट्रोल पंपों में सप्लाई कम होने लगी है। बताया गया कि कंपनियों द्वारा ए, बी, सी तीन केटेगरी बनाया जाता है जिसमें से ए कैटेगरी को एडवांस पेमेंट देने पर 24 घंटे में तेल उपलब्ध करा दिया जाता है। जबकि बी और सी केटेगरी को काफी इंतजार करना पड़ रहा है। शासकीय विभागों से भी पेमेंट आने में बहुत परेशानी हो रही है।

धमतरी इंटरप्राईजेस (पेट्रोल पंप) के संचालक अब्दुल रहमान ने बताया कि पिछले 5 वर्षों से अधिक समय से कमीशन बढ़ा ही नहीं है। अभी डीजल में 1.80 रु पैसे प्रति लीटर कमीशन मिलता है। बिजली बिल, स्टॉफ, टैक्स, सारा चीज उसी में ही मेंटेन करना पड़ता है, जो काफी कम है। अभी यदि एडवांस पेमेंट देंगे तभी तेल कंपनियां पेट्रोल डीजल सप्लाई कर रही है। वह भी कब आएगा, इसकी कोई गारंटी नहीं होती है। उन्होंने बताया कि उनके पास मिट्टी तेल की एजेंसी है। पहले 12000 लीटर 4.50 लाख रुपए में आता था। अब 9 लाख से ऊपर हो गया है। पेमेंट भी कई माह बाद मिलता है। जिले में 40 से अधिक पंप

ज्ञात हो कि धमतरी जिले में लगभग 40 पेट्रोल पंप हैं। यहां पर रोजाना एक से डेढ़ लाख लीटर प्रतिदिन पेट्रोल और 2 लाख से अधिक डीजल की खपत होती है।